रिपोर्ट: आशीष यादव | हमर प्रदेश। ब्लॉक रिपोर्टर, रतनपुर
रतनपुर। गणेशोत्सव और आगामी त्योहारों को देखते हुए रतनपुर में पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़, गणेश पंडालों और मुख्य मार्गों पर यातायात दबाव को देखते हुए प्रशासन ने गणेशोत्सव समितियों और नागरिकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में गणेश पंडालों की व्यवस्था, पार्किंग, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। मुख्य मार्गों पर पंडाल लगाने वाली समितियों से विशेष सावधानी बरतने को कहा गया, ताकि भारी वाहनों और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।
हर पंडाल में रहेगा पुलिस से त्वरित संपर्क
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गणेश पंडालों में संबंधित पुलिसकर्मी का मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने की व्यवस्था पर भी जोर दिया गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति में समिति के सदस्य पुलिस से तत्काल संपर्क कर सकेंगे।
चौक-चौराहों पर बढ़ाई जाए सुरक्षा
बैठक में स्थानीय नागरिकों ने भी अपने सुझाव रखे। नागरिकों ने त्योहारों के दौरान रतनपुर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल और यातायात व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की, ताकि बढ़ती भीड़ के बीच जाम और अव्यवस्था की स्थिति न बने।
बैठक में पार्षद मनोज पाटले, सरपंच गोवर्धन आर्मी, निरंजन सिंह, तरुण ठाकुर, दामोदर सिंह, रामा, अमन गुप्ता, रोहित कौशिक आयुष यादव विनय यादव साईं राव सहित गणेशोत्सव समितियों और नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
खास संदेश
रतनपुर में त्योहारों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में प्रशासन की तैयारी के साथ नागरिकों और गणेशोत्सव समितियों की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है। सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से गणेशोत्सव मनाने के लिए यातायात नियमों का पालन करें, पंडालों के आसपास भीड़ को नियंत्रित रखें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!