रतनपुर में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक: घर से शराब बेच रही महिला कोचिया गिरफ्तार, 32 पाव देसी शराब जब्त
रतनपुर (बिलासपुर)। बिलासपुर पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ छेड़े गए विशेष अभियान के तहत रतनपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। ग्राम परसदा (लखराम) में घर के भीतर से अवैध शराब का धंधा संचालित कर रही एक महिला कोचिया को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के कब्जे से 32 पाव देसी प्लेन मदिरा बरामद की गई है।

मुखबिर की सूचना पर घर में दबिश
एसएसपी रजनेश सिंह द्वारा जिले भर में नशीले पदार्थों की तस्करी व अवैध बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी तारतम्य में रतनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय को 1 सितंबर 2026 को गोपनीय सूचना मिली कि ग्राम परसदा निवासी एक महिला अपने घर में अवैध रूप से भारी मात्रा में देसी शराब रखकर बिक्री कर रही है। सूचना की तस्दीक होते ही उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित कर महिला के घर पर औचक घेराबंदी और रेड की कार्रवाई की गई।
जब्ती व न्यायिक रिमांड
तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से गौरी देवदत्त (पति: सुनील कुमार देवदत्त, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम परसदा-लखराम) को हिरासत में लिया। उसके कब्जे से 32 पाव देसी प्लेन शराब (कुल मात्रा: 5.760 बल्क लीटर, अनुमानित मूल्य ₹2,560) बरामद कर जब्त की गई।
महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कार्रवाई में शामिल टीम
अवैध शराब पर इस प्रभावी कार्रवाई में रतनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रतिभा पटेल, प्रधान आरक्षक कौशल खूंटे तथा आरक्षक धनराज कुम्भकार, आकाश डोंगरे एवं देवानंद चन्द्राकर की मुख्य भूमिका रही। रतनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा या अन्य मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़

हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!