आशीष यादव जिला संवाददाता हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
रतनपुर बिलासपुर छत्तीसगढ़

रतनपुर में NSUI का भव्य प्रवेश उत्सव, हजारों विद्यार्थियों की मौजूदगी में गूंजे छात्र एकता के नारे

नवीन प्रवेशित छात्र-छात्राओं का हुआ भव्य स्वागत, दिग्गज कांग्रेस नेताओं ने युवाओं को शिक्षा, अनुशासन और नेतृत्व का दिया संदेश
रतनपुर बिलासपुर धार्मिक एवं पौराणिक नगरी रतनपुर में शनिवार को युवाओं का उत्साह और जोश देखते ही बना। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) द्वारा शासकीय महामाया महाविद्यालय रतनपुर के नवीन प्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत में शूट भवन में भव्य प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवा जोश, उमंग, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और छात्र एकता के नारों से पूरा आयोजन स्थल गूंज उठा।

NSUI के इस प्रवेश उत्सव में हजारों की संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। आयोजन के माध्यम से संगठन ने महाविद्यालय में प्रवेश लेने वाले नए छात्र-छात्राओं का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालयीन जीवन की नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही शिक्षा, छात्र एकता, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जागरूकता और विद्यार्थियों के अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। नवीन छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम ने एक ओर जहां विद्यार्थियों को आपस में जुड़ने का अवसर दिया, वहीं दूसरी ओर छात्र जीवन में संगठन, अनुशासन और सकारात्मक सोच के महत्व को भी रेखांकित किया।
दिग्गज कांग्रेस नेताओं की रही विशेष मौजूदगी
प्रवेश उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर के अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (OBC) के राष्ट्रीय समन्वयक त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने की।
विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व जनपद अध्यक्ष संदीप शुक्ला, NSUI प्रदेश सचिव राजा रावत एवं युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष (RTI) रवि रावत उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मंच पर पहुंचने पर NSUI छात्र नेता मानस ताम्रकार, माही राजपूत एवं आदित्य साहू ने अतिथियों का शाल, श्रीफल और मां महामाया देवी का तेलचित्र भेंटकर सम्मानपूर्वक स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान उपस्थित विद्यार्थियों ने अतिथियों का स्वागत तालियों और उत्साहपूर्ण नारों के साथ किया।
सिद्धांशु मिश्रा बोले – शिक्षा ही जीवन में आगे बढ़ने की सबसे मजबूत सीढ़ी
मुख्य अतिथि सिद्धांशु मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि उन्होंने भी अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत NSUI से ही की थी। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन में निष्ठा, मेहनत और समर्पण के साथ काम करने वाले युवाओं को हमेशा सम्मान मिलता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि महाविद्यालयीन जीवन केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह अपने व्यक्तित्व को निखारने, नई चीजें सीखने और भविष्य के लिए मजबूत आधार तैयार करने का महत्वपूर्ण समय है। विद्यार्थियों को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और मेहनत से उसे हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
त्रिलोक चंद्र श्रीवास बोले – छात्र-छात्राओं में इतिहास बदलने की क्षमता
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने कहा कि देश के भविष्य की मजबूत नींव विद्यार्थी हैं। युवा शक्ति में समाज और राष्ट्र को नई दिशा देने की अपार क्षमता है। उन्होंने कहा कि दृढ़ निश्चय, अनुशासन, शिक्षा और निरंतर प्रयास के माध्यम से छात्र-छात्राएं जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने तथा सामाजिक जिम्मेदारियों को समझते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया।
संदीप शुक्ला ने बताई रतनपुर की गौरवशाली ज्ञान एवं सांस्कृतिक परंपरा
पूर्व जनपद अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने अपने संबोधन में रतनपुर की धार्मिक, पौराणिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रतनपुर चारों युगों से जुड़ी पावन धरा है, जिसकी अपनी समृद्ध ऐतिहासिक, धार्मिक और ज्ञान परंपरा रही है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे शिक्षा को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाएं और अपनी मेहनत, प्रतिभा तथा उपलब्धियों से रतनपुर का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही आने वाले समय में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व की भूमिका निभाएंगे।
रवि रावत और राजा रावत ने शिक्षा को बताया सबसे बड़ी ताकत
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष (RTI) रवि रावत ने कहा कि छात्र जीवन व्यक्ति के भविष्य की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण पड़ाव है। इसी समय विद्यार्थी अनुशासन, संघर्ष, जिम्मेदारी और आत्मविश्वास जैसे गुणों को विकसित करते हैं, जो आगे चलकर जीवन की चुनौतियों का सामना करने में सहायक होते हैं।
वहीं NSUI प्रदेश सचिव राजा रावत ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा शेरनी का वह दूध है, जिसे पीने वाला साहस और नेतृत्व हासिल करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से उच्च शिक्षा प्राप्त करने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने की अपील की।
मानस ताम्रकार के नेतृत्व में पूरी टीम ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
इस भव्य प्रवेश उत्सव को सफल बनाने में NSUI छात्र नेता मानस ताम्रकार के साथ पूरी आयोजन टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन की तैयारियों से लेकर अतिथियों के स्वागत, विद्यार्थियों की व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संचालन तक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर आदित्य साहू, माही राजपूत, संस्कार राजपूत, अविनाश श्रीवास, उस्मान खान, पुरुषोत्तम कश्यप, आशीष केवट, प्रियांशु श्रीवास, श्यामू साहू, राहुल, अरविंद, जयकिशन यादव, प्रशांत जायसवाल, वंश ताम्रकार, कृष्ण यादव, संजना कमलसेन, रंजिता, दामिनी यादव, निकिता सारथी, सिद्धि शर्मा, श्रद्धा साहू, नसरीन परवीन सहित NSUI के अनेक कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में छात्र नेता मानस ताम्रकार ने उपस्थित सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
छात्र एकता और युवा नेतृत्व का मंच बना प्रवेश उत्सव
रतनपुर में आयोजित यह प्रवेश उत्सव महज नवीन छात्र-छात्राओं के स्वागत का कार्यक्रम बनकर सीमित नहीं रहा, बल्कि छात्र एकता, युवा नेतृत्व, शिक्षा के महत्व और सामाजिक सहभागिता को लेकर एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में सामने आया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति ने महाविद्यालयीन युवाओं के उत्साह और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी भागीदारी को प्रदर्शित किया।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!