✍️आशीष यादव जिला संवाददाता हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ रतनपुर बिलासपुर छत्तीसगढ़
रतनपुर। धार्मिक एवं ऐतिहासिक नगरी रतनपुर में यादव समाज द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले मड़ई मेला एवं रावत नाच महोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। यादव समाज की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 7 दिसंबर को 20वां मड़ई मेला एवं रावत नाच महोत्सव भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
यह आयोजन रतनपुर स्थित बूढ़ा महादेव मंदिर परिसर के यादव समाज के राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में संपन्न होगा। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, प्रतिभा प्रोत्साहन, सांस्कृतिक परंपरा और जनसेवा से जुड़े विभिन्न आयोजन आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
महोत्सव के अंतर्गत रक्तदान शिविर, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र के यादव समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। समाज के वरिष्ठ नागरिकों का भी सम्मान कर उनके योगदान और अनुभवों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।
छत्तीसगढ़भर के रावत नाच दल दिखाएंगे अपनी कला
रावत नाच महोत्सव इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा। इसमें आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ से यादव समाज के विभिन्न रावत नाच दल अपनी पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक नृत्य और लोक संस्कृति की शानदार प्रस्तुतियां देने पहुंचेंगे। इस दौरान रावत नाच की पारंपरिक कला और यादव समाज की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत की अनूठी झलक देखने को मिलेगी।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दल को प्रथम पुरस्कार के रूप में 21 हजार रुपये एवं रनिंग शील्ड प्रदान की जाएगी। इसे लेकर रावत नाच दलों में विशेष उत्साह देखने को मिलने की उम्मीद है।
सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा बढ़ावा
यादव समाज का यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की एकजुटता, नई पीढ़ी को प्रोत्साहन, प्रतिभाओं के सम्मान और पारंपरिक लोक संस्कृति को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। रक्तदान जैसे सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया जाएगा।
20वें वर्ष में प्रवेश कर रहा यह मड़ई मेला एवं रावत नाच महोत्सव रतनपुर सहित आसपास के क्षेत्र में सामाजिक और सांस्कृतिक उत्सव का माहौल तैयार करेगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए यादव समाज के लोगों में उत्साह का माहौल है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!