✍🏻 आशीष यादव जिला रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ रतनपुर बिलासपुर छत्तीसगढ़
35 वर्षों की शिक्षा एवं साहित्य सेवा को मिला सम्मान, हरिद्वार में आयोजित समारोह में प्रदान की गई मानद डॉक्टरेट उपाधि
रतनपुर। शिक्षा, साहित्य, समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रतनपुर निवासी राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक एवं वरिष्ठ साहित्यकार दिनेश पांडेय को एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। बिहार के गोपालगंज स्थित कला, साहित्य एवं संस्कृति को समर्पित थावे विद्यापीठ द्वारा उन्हें विद्या वाचस्पति (पीएचडी) की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से रतनपुर सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष और गौरव का माहौल है।
यह सम्मान दिनेश पांडेय को शिक्षा के क्षेत्र में किए गए शोध कार्यों, उल्लेखनीय सामाजिक योगदान, पुस्तक लेखन, साहित्य सेवा, संपादन, कविता एवं कहानी लेखन तथा आकाशवाणी से रचनाओं के प्रसारण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए प्रदान किया गया है। इसके साथ ही राष्ट्रीय कार्यक्रमों के अंतर्गत योग शिविरों का संचालन, पर्यावरण संरक्षण, वृहद वृक्षारोपण, गायत्री मंदिर के जीर्णोद्धार में प्रमुख भूमिका, स्वच्छता अभियान और शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार के माध्यम से कला एवं संस्कृति के उत्थान में उनके योगदान को भी सम्मान का आधार बनाया गया।
हरिद्वार में आयोजित हुआ भव्य सम्मान समारोह
मानद उपाधि प्रदान करने के लिए 25 अक्टूबर 2026 को शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर हरिद्वार के कनखल स्थित परमार्थ विद्या मंदिर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस गरिमामय समारोह में थावे विद्यापीठ के कुलाधिपति महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 डॉ. हरिहरानंद जी महाराज, कुलपति डॉ. विनय कुमार पाठक एवं कुलसचिव डॉ. पी.एस. दयाल यति के करकमलों से दिनेश पांडेय को मानद उपाधि प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
35 वर्षों से शिक्षा और साहित्य की साधना में जुटे हैं दिनेश पांडेय
वर्तमान में दिनेश पांडेय शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बिरगहनी, विकासखंड कोटा में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ हैं। वे पिछले लगभग 35 वर्षों से शिक्षा के साथ-साथ साहित्यिक एवं सामाजिक गतिविधियों में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने अपने सेवाकाल में शिक्षा को बेहतर बनाने, साहित्य को समृद्ध करने और समाज में सकारात्मक चेतना जागृत करने के लिए लगातार प्रयास किए हैं।
उनकी साहित्यिक एवं सामाजिक सेवाओं को देखते हुए इससे पहले भी उन्हें छत्तीसगढ़ रत्न, रेवा रत्न, राष्ट्रीय शिक्षक गौरव सम्मान, डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र राज्य शिक्षक सम्मान तथा पर्यावरण मित्र सम्मान सहित अनेक प्रदेश स्तरीय सम्मानों से नवाजा जा चुका है।
रतनपुर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि
दिनेश पांडेय को मानद डॉक्टरेट उपाधि मिलने की खबर से नगर के शिक्षकों, साहित्यकारों, गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों में खुशी की लहर है। विभिन्न लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सम्मान है, बल्कि रतनपुर और छत्तीसगढ़ के लिए भी गौरव का विषय है।
उनकी यह उपलब्धि शिक्षा, साहित्य, संस्कृति और समाज सेवा के क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य करने वाले लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। 35 वर्षों की निरंतर साधना और बहुआयामी योगदान को मिला यह सम्मान उनके समर्पण, कर्मठता और साहित्यिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!