अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर
बिलासपुर। रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिलेभर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए “खाबो बने रहिबो 2.0” अभियान के तहत एक सप्ताह का सघन जांच अभियान शुरू किया है। अभियान के दौरान मिठाई, कन्फेक्शनरी विक्रेताओं और खाद्य निर्माण फर्मों की जांच कर अनियमितता मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसार और कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश तथा उप संचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के मार्गदर्शन में विभाग ने निरीक्षण टीमों को सक्रिय कर दिया है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में मिष्ठान प्रतिष्ठानों की जांच के लिए टीमों की तैनाती की जा रही है।
खोवा से लेकर पनीर तक होगी जांच
अभियान के दौरान मिठाई दुकानों में साफ-सफाई की व्यवस्था, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया की जांच की जाएगी। विशेष रूप से मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाले खोवा की गुणवत्ता और नकली खोवा के उपयोग पर नजर रहेगी।
इसके अलावा मिठाई निर्माण में एनालॉग पनीर का उपयोग तो नहीं किया जा रहा है, इसकी भी जांच की जाएगी। संदिग्ध खाद्य पदार्थ पाए जाने पर उनके नमूने लेकर नियमानुसार जांच के लिए भेजे जाएंगे।
अनियमितता मिली तो होगी कार्रवाई
विभाग की टीमों द्वारा दुकानों में खाद्य पदार्थों के क्रय-विक्रय से संबंधित व्यवस्थाओं की भी जांच की जाएगी। जांच के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
त्योहार के दौरान बड़ी मात्रा में मिठाइयों की बिक्री को देखते हुए विभाग का यह अभियान उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दुकानों में सीसीटीवी लगाने के निर्देश
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दुकानदारों को सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए हैं। विभाग द्वारा प्रतिष्ठान संचालकों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और नियमों के पालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही लोगों को भी सुरक्षित खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!