Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

योजनाओं के क्रियान्वयन में संवेदनशीलता और जवाबदेही जरूरी : नेहरू राम निषाद

hetram@hamarpradeshcg
hetram@hamarpradeshcg
45 Views 5 Min Read 0 Comments
Chhattishgarh local news
Chhattishgarh local news

✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर

       हमर प्रदेश छत्तीसगढ़

 

योजनाओं के क्रियान्वयन में संवेदनशीलता और जवाबदेही जरूरी : नेहरू राम निषाद

 

पारदर्शिता, गुणवत्ता और मैदानी निगरानी पर जोर, अधिकारियों को दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

 

महासमुंद, 16 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त श्री नेहरू राम निषाद ने बुधवार को महासमुंद कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

 

श्री निषाद ने कहा कि किसी भी सरकारी योजना की सफलता केवल स्वीकृत प्रकरणों या लाभान्वित हितग्राहियों के आंकड़ों से तय नहीं होती, बल्कि यह देखना जरूरी है कि योजना का लाभ वास्तव में जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचे।

 

आंकड़ों तक सीमित न रहे योजनाओं की समीक्षा

 

आयोग अध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन को केवल लक्ष्य पूर्ति और आंकड़ों तक सीमित न रखा जाए। योजनाओं के वास्तविक परिणाम और उनके जमीनी प्रभाव का भी आकलन किया जाए। विशेष रूप से अन्य पिछड़ा वर्ग सहित सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

 

उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, संवेदनशीलता, गुणवत्ता और जवाबदेही प्रशासनिक कार्यप्रणाली का अहम हिस्सा होना चाहिए। पात्र हितग्राहियों को लाभ मिलने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

 

गांवों तक पहुंचे योजनाओं की जानकारी

 

श्री निषाद ने योजनाओं के प्रचार-प्रसार को ग्राम और पंचायत स्तर तक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में मैदानी अमले की महत्वपूर्ण भूमिका है।

 

उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर हितग्राहियों से सीधे संवाद करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का मौके पर निराकरण करने के निर्देश दिए।

 

फील्ड की वास्तविकता बने समीक्षा का आधार

 

बैठक में योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, हितग्राही सत्यापन और फील्ड निरीक्षण की व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। श्री निषाद ने कहा कि केवल कार्यालयीन रिपोर्ट के आधार पर योजनाओं की समीक्षा पर्याप्त नहीं है। मैदानी वास्तविकता को भी समीक्षा का महत्वपूर्ण आधार बनाया जाना चाहिए।

 

उन्होंने योजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को चिन्हांकित कर उनकी सफलता की कहानियों का दस्तावेजीकरण करने की बात कही, ताकि ऐसे सफल प्रयासों को दूसरे क्षेत्रों में भी अपनाया जा सके।

 

कई विभागों की योजनाओं की हुई समीक्षा

 

बैठक में आदिम जाति विकास, महिला एवं बाल विकास, श्रम, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, मत्स्य, कृषि, शिक्षा, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। विभागवार योजनाओं की प्रगति, लक्षित वर्ग को मिल रहे लाभ, लंबित प्रकरणों, विभागीय गतिविधियों और मैदानी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई।

 

अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति से आयोग अध्यक्ष को अवगत कराया। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि ग्राम स्तर पर योजनाओं की पहुंच का नियमित आकलन किया जाए तथा दस्तावेजी समस्या या तकनीकी बाधा के कारण पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहें।

 

इस दौरान आयोग की श्रीमती अनिता ढेकाटे एवं श्री लक्ष्मीकांत मिश्रा, जिला पंचायत की सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद सहित जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

hetram@hamarpradeshcg
Written by

hetram@hamarpradeshcg

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos