युवती के पिता की हत्या, किशोर की मां समेत पांच गिरफ्तार
हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
स्टेट हेड रिपोर्टर - मनोज कुमार भट्ट
जगदलपुर। पनारापारा में एकतरफा प्रेम और युवती से दूर रहने की समझाइश देने का विवाद खूनी वारदात में बदल गया। युवती के पिता मन्नू कश्यप की हत्या के मामले में पुलिस ने किशोर की मां, दादा और दादी को भी आरोपित बनाया है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित किशोर ने अपने स्वजनों और एक अन्य किशोर के साथ मिलकर मन्नू पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए थे। मामले में सरिता बघेल (40), झितरुक बघेल (75) और शोभा बघेल (65) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो किशोरों को अभिरक्षा में लिया गया है।
क्या है पूरा मामला
घटना शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे की है। पनारापारा में दो परिवारों के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान मन्नू के सीने, पेट और पीठ पर चाकू से कई वार किए गए।
गंभीर हालत में उन्हें महारानी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मौत की खबर पर भड़की भीड़, कार फूंकी
मन्नू की मौत की खबर फैलते ही आक्रोशित लोग आरोपित किशोर के घर पहुंच गए और घेराव कर हंगामा शुरू कर दिया। भीड़ ने घर के बाहर खड़ी परिवार की कार को आग लगा दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के साथ घर में मौजूद स्वजन को सुरक्षित निकालने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। तनाव को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर पेट्रोलिंग शुरू की गई।
चाकू जब्त, तीन आरोपित जेल भेजे
कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस ने तीनों वयस्क आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू जब्त किया गया। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। वहीं दोनों किशोरों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की गई।
---

Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!