✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
स्टेट हेड रिपोर्टर – किशोर कुमार
दुर्ग के पाटन में साइबर ठगी का मामला, पीड़ित UPI का करता ही नहीं था इस्तेमाल
दुर्ग। पाटन क्षेत्र में मोबाइल फोन गुम होने के बाद एक व्यक्ति के बैंक खाते से UPI के जरिए 5 लाख 12 हजार 997 रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पाटन पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सब्जी खरीदने गए थे, बाजार में गुम हुआ मोबाइल
भाठापारा अखरा निवासी रामकृष्ण साहू 26 मई 2026 की शाम करीब 4 बजे सब्जी खरीदने पाटन बाजार गए थे। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन गुम हो गया। मोबाइल में एयरटेल का सिम लगा था और यही नंबर बैंक ऑफ बड़ौदा स्थित उनके बैंक खाते से लिंक था।
पीड़ित के अनुसार, मोबाइल गुम होने के समय उनके खाते में करीब 6 लाख 19 हजार 997 रुपये जमा थे। मोबाइल गुम होने की सूचना उन्होंने पाटन थाने में दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने उसी नंबर का नया सिम प्राप्त कर उसका इस्तेमाल शुरू कर दिया।
28 दिन बाद बैंक पहुंचने पर खुला राज
मोबाइल गुम होने के करीब 28 दिन बाद रामकृष्ण साहू घरेलू खर्च के लिए रुपये निकालने बैंक ऑफ बड़ौदा, पाटन पहुंचे। खाते में जमा राशि की जानकारी लेने पर उन्हें पता चला कि खाते में महज 1 लाख 7 हजार रुपये ही बचे हैं।
बैंक से मिली जानकारी के मुताबिक, 29 मई की रात करीब 8:03 बजे से 31 मई की रात 9:06 बजे के बीच खाते से कई बार UPI ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 5,12,997 रुपये निकाल लिए गए थे।
पीड़ित ने कभी इस्तेमाल नहीं किया UPI
रामकृष्ण साहू ने पुलिस को बताया कि वह UPI का इस्तेमाल ही नहीं करते हैं। बैंक खाते से पैसे निकालने के लिए वह चेक या पासबुक का उपयोग करते हैं। ऐसे में मोबाइल गुम होने के कुछ दिनों बाद खाते से UPI के जरिए लाखों रुपये की निकासी होने से मामला और गंभीर हो गया है।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और बैंक पहुंचकर अपना खाता होल्ड कराया।
तकनीकी साक्ष्यों की जांच में जुटी पुलिस
पाटन पुलिस अब अज्ञात आरोपी की पहचान करने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल गुम होने के बाद आरोपी ने बैंक खाते से जुड़े UPI सिस्टम तक किस तरह पहुंच बनाई और रकम किन खातों में ट्रांसफर की गई।
पुलिस द्वारा संबंधित UPI ट्रांजेक्शन, मोबाइल नंबर, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!