मेहनत और लगन से साग-सब्जी उत्पादन को बनाया सफल व्यवसाय, छबीला सेठिया ने कमाए 3 लाख रुपए
हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट
बिहान दीदी की उन्नत खेती बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल, मचान पद्धति और वैज्ञानिक तकनीक अपनाकर बढ़ाई आमदनी
जगदलपुर, 20 नवम्बर 2026/ बस्तर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाएं अब पारंपरिक आजीविका गतिविधियों से आगे बढ़कर खेती-किसानी को भी सफल व्यवसाय का रूप दे रही हैं। मेहनत, लगन और नई तकनीकों को अपनाकर महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं,
बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दे रही हैं। ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी बस्तर जिले के जनपद पंचायत बास्तानार अंतर्गत ग्राम पंचायत कोड़ेनार की श्रीमती छबीला सेठिया की है, जिन्होंने साग-सब्जी की उन्नत खेती को अपनी आजीविका का मजबूत आधार बनाया है। अपनी मेहनत के दम पर वे अब तक लगभग 3 लाख रुपए की आमदनी अर्जित कर चुकी हैं।
समूह से जुड़कर बदली आजीविका की राह
श्रीमती छबीला सेठिया वर्ष 2017 से स्व-सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। पहले वे घर में पशुपालन और सीमित जमीन पर पारंपरिक खेती करती थीं। इससे परिवार की जरूरतें तो पूरी होती थीं, लेकिन आमदनी बढ़ाने के अवसर सीमित थे। इसी बीच उन्हें कृषि आधारित प्रशिक्षण प्राप्त हुआ, जिसने उन्हें खेती को व्यवसाय के रूप में अपनाने की प्रेरणा दी। प्रशिक्षण से मिली जानकारी और आत्मविश्वास के साथ उन्होंने वर्ष 2024 में अपनी जमीन पर व्यवस्थित रूप से व्यावसायिक साग-सब्जी उत्पादन शुरू किया।
आर्थिक सहयोग से मिली नई उड़ान
खेती के इस नए सफर में स्व-सहायता समूह और बैंक से मिले वित्तीय सहयोग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्रीमती छबीला सेठिया को जिला सहकारी बैंक से एक लाख रुपए, बैंक लिंकेज के माध्यम से 50 हजार रुपए तथा वर्ष 2026 में ग्रामीण बैंक कोड़ेनार से स्वयं सिद्धा योजना के तहत एक लाख रुपए का ऋण प्राप्त हुआ। इस आर्थिक सहयोग का उपयोग उन्होंने खेती की गतिविधियों को विस्तार देने और उत्पादन की बेहतर व्यवस्था विकसित करने में किया।


Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!