

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
भिलाई। “मुर्दों से नहीं, जिंदा इंसानों से डर लगता है। मुर्दा आपका कुछ नहीं कर सकता, लेकिन जिंदा इंसान आपकी जिंदगी में गलत कर सकता है।” दुर्ग जिले की 31 वर्षीय डॉ. अंकिता खंडेलवाल की यह बेबाक बात उनके पेशे के प्रति बदले नजरिए को बयां करती है।
लाल बहादुर शास्त्री शासकीय अस्पताल, सुपेला में पदस्थ डॉ. अंकिता वर्ष 2019 से पोस्टमार्टम सेंटर में सेवाएं दे रही हैं। अपने अब तक के सेवाकाल में वह करीब एक हजार शवों का पोस्टमार्टम कर चुकी हैं। एक दिन में सर्वाधिक 10 शवों का पोस्टमार्टम करने का अनुभव भी उनके पास है।
शुरुआत में पोस्टमार्टम करना उनके लिए आसान नहीं था। शवों को देखकर मन विचलित होता था और कई बार रात में नींद तक नहीं आती थी। लेकिन समय के साथ उन्होंने इस काम को भावनाओं से अलग रखते हुए एक महत्वपूर्ण चिकित्सकीय जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार किया।
डॉ. अंकिता के लिए पोस्टमार्टम केवल शव का परीक्षण करना नहीं, बल्कि मौत के पीछे छिपे सच को सामने लाने की जिम्मेदारी भी है। कई मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित होती है।
अस्पताल में वर्तमान में रोजाना औसतन 5 से 6 शव पोस्टमार्टम के लिए आते हैं। कभी-कभी किसी बड़े हादसे या अन्य घटना के बाद यह संख्या अचानक बढ़ जाती है। ऐसे कठिन समय में डॉक्टरों को लगातार कई शवों का परीक्षण करना पड़ता है।
डॉ. अंकिता बताती हैं कि इस काम ने उन्हें जिंदगी को देखने का नजरिया भी बदल दिया है। मौत के इतने करीब रहकर उन्होंने महसूस किया कि इंसान को अपने जीवन और रिश्तों की कितनी कद्र करनी चाहिए।
उनका कहना है कि मुर्दे डरावने नहीं होते, क्योंकि वे किसी को नुकसान नहीं पहुंचा सकते। असली डर जिंदा इंसानों से होता है। यही सोच अब उनके पेशे की सबसे कठिन परिस्थितियों में भी उन्हें मजबूती देती है।
करीब एक हजार पोस्टमार्टम का अनुभव रखने वाली डॉ. अंकिता की कहानी उन चिकित्सकों के समर्पण को सामने लाती है, जो समाज के लिए ऐसे काम करते हैं जिनका जिक्र अक्सर पर्दे के पीछे रह जाता है। उनके लिए यह सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि मौत के सच को सामने लाने का कर्तव्य है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!