✍️ गिरवर साहू स्टेट रिपोर्टर – हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
महासमुंद, 02 सितंबर 2026। जिले के विकासखंड बागबाहरा अंतर्गत ग्राम खेमड़ा में भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई करीब 20 वर्ष पुरानी सड़क की पुलिया की मरम्मत करा दी गई है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
कलेक्टर के निर्देश पर पीएमजीएसवाई ने कराया निरीक्षण
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर पीएमजीएसवाई विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त पुलिया का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेने के बाद आवश्यक मरम्मत एवं संधारण कार्य प्रारंभ कराया।
कलेक्टर के निर्देशानुसार कार्यपालन अभियंता पीएमजीएसवाई श्री आशीष कुलदीप एवं संबंधित तकनीकी अमले की निगरानी में पुलिया की मरम्मत का कार्य कराया गया।
आवागमन हुआ सुचारु, ग्रामीणों ने जताई खुशी
पुलिया के आवश्यक संधारण एवं मरम्मत का कार्य पूर्ण होने के बाद सड़क पर आवागमन फिर से सुचारु हो गया है। इससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के बाद प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की और समस्या का समाधान कराने के लिए प्रशासन का आभार जताया।
यह मामला इस बात का उदाहरण है कि जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई से स्थानीय समस्याओं का समय पर समाधान संभव है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!