मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: 21 से 27 सितंबर तक द्वारिका, सोमनाथ एवं नागेश्वर की तीर्थयात्रा
महासमुंद, 02 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत महासमुंद जिले के पात्र तीर्थयात्रियों के लिए 21 सितंबर से 27 सितंबर 2026 तक द्वारिका, सोमनाथ एवं नागेश्वर की तीर्थयात्रा निर्धारित की गई है। संशोधित समय-सारणी के अनुसार आयोजित होने वाली इस यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने जिले के सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं नगरीय निकायों के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। विकासखण्डवार एवं नगरीय निकायवार निर्धारित सीटों के अनुसार जिले से कुल 323 तीर्थयात्रियों एवं 9 अनुरक्षकों का चयन किया जाएगा।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि चयनित हितग्राहियों का चिकित्सकीय जांच एवं परीक्षण कराने के बाद पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार की जाए। इसके साथ ही चयनित हितग्राहियों की संख्या के 10 प्रतिशत के अनुपात में प्रतीक्षा सूची भी तैयार की जाएगी।
चयनित एवं प्रतीक्षारत हितग्राहियों की सूची निर्धारित प्रारूप में हार्ड कॉपी एवं सॉफ्ट कॉपी (एक्सल शीट) के माध्यम से 10 सितंबर 2026 तक कार्यालय उप संचालक, समाज कल्याण, जिला महासमुंद को भेजना अनिवार्य किया गया है।
यात्रा के लिए चयनित पात्र हितग्राहियों को निर्धारित समय एवं स्थान पर उपस्थित कराने की सूचना यात्रा तिथि से 24 घंटे पूर्व प्रेषित की जाएगी। संबंधित जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी चयनित हितग्राहियों को 21 सितंबर 2026 को रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा चयनित पात्र हितग्राहियों के साथ-साथ प्रतीक्षा सूची में शामिल हितग्राहियों का निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा यात्रा की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने तथा तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने कहा गया है।
H.R. SAHU — State Reporter — हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!