जशपुरनगर, 18 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान और जरूरतमंदों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बगिया में स्थापित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय लगातार लोगों के लिए उम्मीद और विश्वास का केंद्र बन रहा है। कैंप कार्यालय के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को उनकी परिस्थितियों के अनुरूप हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसी कड़ी में फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी निवासी 21 वर्षीय अविनाश नायक को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की पहल से बेहतर उपचार मिला। सफल इलाज के बाद अविनाश अब सामान्य रूप से अपना जीवन जी रहे हैं। अपने उपचार से खुश अविनाश ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की और उनका आभार व्यक्त किया।
जन्म से पैर की समस्या से जूझ रहे थे अविनाश
अविनाश के बाएं पैर के अंगूठे और एक अन्य अंगुली में जन्म से ही मांसपेशियों एवं हड्डियों का असामान्य रूप से बढ़ना शुरू हो गया था। इसके कारण उन्हें चलने-फिरने के साथ-साथ दैनिक कार्यों में भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से होने के कारण अविनाश के लिए बेहतर अस्पताल में इलाज और ऑपरेशन का खर्च उठाना संभव नहीं था। कुछ वर्ष पहले उन्होंने जिला अस्पताल में उपचार के लिए संपर्क किया था, जहां चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए बड़े चिकित्सा संस्थान में जाने की सलाह दी थी।
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन के बाद मिली मदद
बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर अविनाश ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया में आवेदन प्रस्तुत किया। कैंप कार्यालय ने उनकी समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई और बेहतर उपचार के लिए उन्हें रायपुर भेजा गया।
रायपुर स्थित डीकेएस अस्पताल में अविनाश का उपचार और ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। उपचार के बाद उनकी स्थिति में काफी सुधार हुआ है और अब वे अपने दैनिक कार्य आसानी से कर पा रहे हैं।
अविनाश ने भावुक होकर कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण अच्छे अस्पताल में इलाज कराना उनके लिए संभव नहीं था। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन देने के बाद उनकी समस्या को गंभीरता से लिया गया और रायपुर के डीकेएस अस्पताल में उनका सफल इलाज कराया गया।
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को कठिन परिस्थितियों में बेहतर उपचार और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। जरूरतमंदों के लिए यह कैंप कार्यालय सहायता के साथ-साथ उम्मीद, विश्वास और संवेदनशीलता का मजबूत केंद्र बनकर उभर रहा है।
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
स्टेट रिपोर्टर – रंजय सिन्हा
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!