✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज | स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
जशपुर। नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस ने मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 440.63 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया मिनी ट्रक
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को संदेह के आधार पर रोका गया।
वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने अपना नाम मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) बताया। दोनों प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। पूछताछ में उन्होंने वाहन में मिर्ची की बोरियां लोड होने और उन्हें ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाने की जानकारी दी।
संदेह होने पर पुलिस टीम ने वाहन में लदे सामान की बारीकी से जांच की। ऊपर मिर्ची की बोरियां मिलीं। इन्हें हटाने पर नीचे रखी बोरियों में टेप से लिपटे पैकेट दिखाई दिए। जांच करने पर पैकेटों में गांजा मिला।
गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर 14 बोरियों में 440 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 440.63 किलोग्राम पाया गया।
वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी
पुलिस ने गांजे के संबंध में आरोपियों से वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बोध क्षेत्र से प्रयागराज ले जाने की बात बताई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किससे खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने मामले में एंड-टू-एंड विवेचना शुरू कर दी है। तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
2026 में अब तक 1906 किलो गांजा जब्त
जशपुर पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 8 करोड़ रुपये कीमत का 1906 किलोग्राम गांजा बरामद किया जा चुका है। इन मामलों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किए हैं।
ऑपरेशन आघात के तहत कार्रवाई जारी

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, एएसआई संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की सहित एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!