✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
मानसून मेहरबान: छत्तीसगढ़ में 99.9% सामान्य बारिश पूरी, कई जिलों में औसत से ज्यादा बरसा पानी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन अब तक बारिश का आंकड़ा सामान्य स्तर के लगभग बराबर पहुंच गया है। 1 जून से 13 सितंबर तक प्रदेश में 988.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य वर्षा का 99.9 प्रतिशत है। यह आंकड़ा पिछले 10 वर्षों के औसत 989.9 मिलीमीटर के भी लगभग बराबर है।
पिछले 24 घंटे के दौरान भी प्रदेश में 12.6 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश से प्रदेश के कई जिलों में वर्षा का आंकड़ा सामान्य से ऊपर पहुंच गया है।
बलरामपुर में सबसे ज्यादा बारिश
वर्षा के आंकड़ों में बलरामपुर 177 प्रतिशत के साथ प्रदेश में सबसे आगे है। इसके अलावा सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 146.3%, रायपुर में 131.8%, एमसीबी में 127.1% और महासमुंद में 125.7% वर्षा दर्ज की गई है। इन जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है।
वहीं कुछ जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से कम बना हुआ है। कांकेर में 67.1%, सुकमा में 70.5%, बीजापुर में 74.7%, बेमेतरा में 78.2% और सरगुजा में 79.7% वर्षा दर्ज हुई है। इन क्षेत्रों में आगामी दिनों में होने वाली बारिश पर निगरानी रखी जा रही है।
किसानों और नागरिकों के हित में निगरानी जारी
प्रदेश में मानसून की स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा वर्षा और मौसम की लगातार निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार ने किसानों और आम नागरिकों के हित में आवश्यक तैयारियों तथा राहत उपायों को सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
प्रदेश में सामान्य बारिश का आंकड़ा लगभग पूरा होने से किसानों के लिए भी राहत की स्थिति बनी हुई है। हालांकि जिन जिलों में बारिश कम हुई है, वहां आने वाले दिनों की वर्षा पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!