✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। मानव सेवा और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एमसीबी जिले की कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने अनुकरणीय पहल की है। उन्होंने मृत्यु के बाद भी मानवता की सेवा करने के उद्देश्य से देहदान का संकल्प लिया है। कलेक्टर ने चिरमिरी के पोड़ी स्थित मंगल भवन में आयोजित दो दिवसीय वृहद मेगा हेल्थ कैंप के दौरान देहदान से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं।
चिकित्सा शिक्षा और शोध में उपयोगी होगा देहदान
स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने पहुंचीं कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने स्वास्थ्य विभाग की टीम की मौजूदगी में देहदान से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भरकर अपना संकल्प दर्ज कराया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मानव जीवन का उद्देश्य केवल स्वयं तक सीमित नहीं होना चाहिए। मृत्यु के बाद भी यदि हमारा शरीर चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के अध्ययन और शोध में उपयोगी हो सके तथा इससे बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के विकास में मदद मिले, तो यह मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है।
देहदान को लेकर भ्रांतियां दूर करने की अपील
कलेक्टर ने कहा कि समाज में देहदान को लेकर आज भी कई तरह की भ्रांतियां और संकोच मौजूद हैं। जागरूकता और सही जानकारी के माध्यम से इन भ्रांतियों को दूर किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से देहदान के महत्व को समझने और इस विषय पर सकारात्मक सोच विकसित करने की अपील की।
कलेक्टर की पहल की हुई सराहना
कलेक्टर की इस पहल की चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने सराहना की। लोगों का मानना है कि जिले की प्रशासनिक प्रमुख द्वारा स्वयं आगे आकर देहदान का संकल्प लेना समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में देहदान को लेकर व्याप्त संकोच एवं भ्रांतियों को दूर करने में मदद मिल सकती है।
अंगदान और देहदान के प्रति जागरूकता का संदेश

कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने जिले के नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से अंगदान एवं देहदान के महत्व को समझने तथा इसकी सही जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
संदेश: मानव सेवा केवल जीवन तक सीमित नहीं है। सही जानकारी, जागरूकता और सेवा की भावना के साथ मृत्यु के बाद भी चिकित्सा शिक्षा एवं शोध के माध्यम से मानवता के कल्याण में योगदान दिया जा सकता है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!