हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
मनोज कुमार भट्ट स्टेट रिपोर्टर बस्तर छत्तीसगढ़
मां दंतेश्वरी दर्शन के लिए पदयात्रियों की सेवा और सुरक्षा पर प्रशासन का फोकस, 22 सेवा केंद्र बनेंगे
जगदलपुर, 06 अक्टूबर।शारदीय नवरात्र में मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जाने वाले पदयात्रियों की यात्रा सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर मंगलवार को कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में अपर कलेक्टर सीपी बघेल की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर, विभागीय अधिकारी और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में यात्रा मार्ग पर सामाजिक, व्यापारिक संगठनों और ग्राम पंचायतों के सहयोग से करीब 22 पदयात्री सेवा केंद्र स्थापित करने पर चर्चा हुई। इन केंद्रों पर विश्राम, जलपान, भोजन और प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी।
सुरक्षा को लेकर भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने, बैरिकेटिंग लगाने और अंधेरे व संवेदनशील मोड़ों पर रेडियम स्टॉपर लगाने के निर्देश दिए गए। रात में असुविधा न हो, इसके लिए बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने और क्रेडा के सहयोग से सोलर लाइट ठीक करने की जिम्मेदारी तय की गई।
स्वच्छता के लिए नगर निगम और पंचायतों को पेयजल टैंकर, टंकी और सफाई व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को मोबाइल मेडिकल यूनिट और एंबुलेंस की 24 घंटे तैनाती के निर्देश दिए गए, ताकि पैरों में छाले या थकान से जूझ रहे यात्रियों को तुरंत उपचार मिल सके।
भंडारे के लिए खाद्य विभाग और वन विभाग के सहयोग से गैस सिलेंडर और जलाऊ लकड़ी की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर सहमति बनी। अपर कलेक्टर ने सभी विभागों और संस्थाओं से आपसी तालमेल से सेवा भाव से काम करने का आह्वान किया।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!