✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र के हरिनगर स्थित एक पीजी में विवाद के दौरान 26 वर्षीय युवक चित्रेश सहारे की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों वैभव मानकर और राजकुमार यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
SBI परीक्षा देने दुर्ग आया था चित्रेश
जानकारी के अनुसार कवर्धा निवासी चित्रेश सहारे सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। सोमवार को वह एसबीआई की परीक्षा देने दुर्ग आया था। परीक्षा के बाद वह अपनी महिला मित्र और उसकी बहन के साथ अपने दोस्त रवि के हरिनगर स्थित पीजी कमरे में पहुंचा था।
सिगरेट मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि पीजी में रहने वाले वैभव मानकर और राजकुमार यादव से सिगरेट मांगने की बात को लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि इसी दौरान दोनों युवकों ने चित्रेश की महिला मित्र के साथ बदसलूकी की। चित्रेश ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज के साथ हाथापाई शुरू हो गई।
इसी दौरान आरोपियों ने चित्रेश पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
घटना के बाद चित्रेश को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उसकी मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वैभव मानकर और राजकुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी राजनांदगांव के रहने वाले बताए गए हैं और दुर्ग में रैपिडो के माध्यम से सेवाएं देते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस द्वारा घटना के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!