✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
महिला किसान सेवा महाकुंभ में किसानों का सम्मान, वैज्ञानिक खेती की दी गई जानकारी
महासमुंद में महिला किसानों को वितरित किए गए 350 फलदार पौधे
महासमुंद, 15 अक्टूबर 2026। महिला किसानों की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र, भलेसर में महिला किसान सेवा महाकुंभ सह वैज्ञानिक परिचर्चा एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला किसानों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत महासमुंद की उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर ने महिला किसानों को सम्मानित करते हुए कहा कि कृषि, पशुपालन, बीज संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2026 को महिला किसानों की भूमिका को प्रोत्साहित करने के लिए समर्पित किया गया है। महिलाओं को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञों ने उन्नत फल एवं सब्जी उत्पादन, दलहन-तिलहन की खेती, जैविक खाद, प्राकृतिक खेती, मशरूम उत्पादन, फसल रोग प्रबंधन और कृषि यंत्रीकरण जैसे विषयों पर जानकारी दी। साथ ही महिला किसानों को लगभग 350 नींबू, अमरूद, आंवला, जामुन और कटहल सहित विभिन्न फलदार पौधों का वितरण किया गया।
इस दौरान ग्राम कसेकेरा की महिला किसान श्रीमती रुखमणी चंद्राकर ने जैविक खाद निर्माण से अतिरिक्त आमदनी प्राप्त करने का अनुभव साझा किया। वहीं सरायपाली की महिला किसान ने मशरूम उत्पादन से आत्मनिर्भर बनने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में उप संचालक कृषि श्री एफ.आर. कश्यप, कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. आर.एल. शर्मा सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं वैज्ञानिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. साकेत दुबे ने किया।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!