Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

महिला अधिवक्ता की मौत के मामले में कलेक्टर सख्त, चार सदस्यीय जांच समिति गठित; 15 दिनों में मांगी रिपोर्ट

State Head - KISHOR_HP
State Head - KISHOR_HP
5 Min Read 0 Comments
HamarPradeshcg
HamarPradeshcg

 ✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार 

 

दुर्ग। स्मृति नगर स्थित हाईटेक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में महिला अधिवक्ता बलबीर कौर (चौहान) की उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। कलेक्टर ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन कर 15 दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

 

गौरतलब है कि महिला अधिवक्ता की 1 नवंबर को अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने और मरीज के स्वास्थ्य की सही जानकारी नहीं देने के गंभीर आरोप लगाए थे।

 

अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में बनी जांच समिति

 

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अपर कलेक्टर वीरेंद्र सिंह को जांच समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी, जिला अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. स्मिता सिन्हा और जनरल सर्जन डॉ. सरिता मिंज को समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है।

 

समिति अस्पताल में मरीज के भर्ती होने से लेकर उपचार की पूरी प्रक्रिया की बारीकी से जांच करेगी। इसके साथ ही उपलब्ध मेडिकल रिकॉर्ड, उपचार संबंधी दस्तावेजों और अन्य आवश्यक पहलुओं का परीक्षण कर अपनी अनुशंसाओं सहित रिपोर्ट सौंपेगी।

 

अधिवक्ता संघ ने किया था विरोध प्रदर्शन

 

महिला अधिवक्ता की मौत के बाद दुर्ग जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने अस्पताल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया था। अधिवक्ताओं ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा तथा जिम्मेदार डॉक्टरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग उठाई थी।

 

जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रमेश शर्मा के अनुसार, संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। संघ का कहना है कि जांच समय-सीमा में पूरी होनी चाहिए, ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

 

अस्पताल प्रबंधन ने लापरवाही के आरोपों को नकारा

 

दूसरी ओर, हाईटेक अस्पताल के निदेशक डॉ. नवील शर्मा ने इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही के आरोपों का खंडन किया है। उनके अनुसार, ऑपरेशन के दौरान मरीज की स्थिति अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद एनेस्थीसिया विशेषज्ञ ने तत्काल प्रक्रिया रुकवा दी।

 

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि चिकित्सकों को पल्मोनरी एम्बोलिज्म यानी फेफड़ों की रक्त वाहिका में खून का थक्का जमने की आशंका थी। मरीज को बचाने के लिए सीपीआर, आवश्यक दवाइयों और आईसीयू में विशेषज्ञों की निगरानी में उपचार किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

 

जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें

 

अब जिला प्रशासन द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट का इंतजार है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों से यह स्पष्ट हो सकेगा कि उपचार के दौरान किन परिस्थितियों में महिला अधिवक्ता की मौत हुई और क्या इलाज में किसी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही हुई थी। फिलहाल इस मामले में जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

 

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ आपकी खबर • आपकी आवाज • हमर प्रदेश छत्तीसगढ़

State Head - KISHOR_HP
Written by

State Head - KISHOR_HP

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos