महासमुंद में साइबर जागृति अभियान का शुभारंभ, 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा व्यापक जनजागरूकता अभियान
रिपोर्टर: संतन दास मानिकपुरी hamarpradeshcg
महासमुंद, 14 अगस्त 2026। साइबर अपराध के प्रति आमजनों को जागरूक एवं सुरक्षित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जाएगा। आजादी के भाव से प्रेरित इस अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता फैलाना और छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध मुक्त बनाने की दिशा में लोगों को एकजुट करना है।
छत्तीसगढ़ पुलिस का यह अभियान सोशल मीडिया आधारित अभिनव पहल के रूप में चलाया जा रहा है। अभियान की मुख्य थीम ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ है। इसके तहत लोग छत्तीसगढ़ पुलिस एवं जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर जारी लिंक पर क्लिक अथवा QR कोड स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी तस्वीर लेकर उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करेंगे।
बड़ी संख्या में लोगों द्वारा सेल्फी फ्रेम को सोशल मीडिया पर साझा करने से साइबर अपराध से बचाव का संदेश उनके मित्रों, फॉलोअर्स और अन्य लोगों तक पहुंचेगा। इस तरह जनभागीदारी के माध्यम से साइबर सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता पैदा करने का प्रयास किया जाएगा।
महासमुंद में पुलिस अधीक्षक ने किया अभियान का शुभारंभ
अभियान का शुभारंभ राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री द्वारा किया गया। वहीं महासमुंद जिले में पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता के दौरान अभियान की जानकारी देते हुए लिंक एवं QR कोड जारी कर इसकी शुरुआत की।
पुलिस अधीक्षक ने स्वयं QR कोड स्कैन कर साइबर जागृति अभियान की सेल्फी ली और उसे अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
उन्होंने विशेष रूप से सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, संस्थानों के पदाधिकारियों व सदस्यों, गणमान्य नागरिकों, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, प्रोफेशनल्स एवं कलाकारों से अभियान में शामिल होकर साइबर जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिस तरह देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट हुए थे, उसी तरह साइबर अपराध के खिलाफ भी सभी को मिलकर जागरूकता की मुहिम चलानी होगी। उन्होंने आमजन से ‘जागरूकता की एक सेल्फी लें, सोशल मीडिया पर शेयर करें और साइबर अपराध रोकने में महासमुंद पुलिस का सहयोग करें’ की अपील की।
सात सप्ताह में होंगे अलग-अलग जागरूकता कार्यक्रम
महासमुंद जिला पुलिस द्वारा अभियान को व्यापक स्वरूप देते हुए 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक सात सप्ताह में अलग-अलग वर्गों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।
पहला सप्ताह: स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता एवं बुनियादी साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान।
दूसरा सप्ताह: बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों में वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम।
तीसरा सप्ताह: वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल अरेस्ट एवं फर्जी कॉल के विषय पर टाउन हॉल कार्यक्रम।
चौथा सप्ताह: महिला कॉलेजों एवं सामुदायिक समूहों के बीच स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित ब्राउजिंग को लेकर अभियान।
पांचवां सप्ताह: युवाओं को जॉब फ्रॉड एवं फिशिंग से बचाव के लिए रोजगार कार्यालयों, ITI एवं कौशल विकास केंद्रों में जागरूकता कार्यक्रम।
छठवां सप्ताह: डेटा प्राइवेसी एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की सीमाओं को लेकर जागरूकता अभियान।
सातवां सप्ताह: ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ का संकल्प अभियान।
सार्वजनिक स्थानों पर भी होगा प्रचार
अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला पुलिस की टीमें और स्थानीय थाना पुलिस सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, पार्कों एवं बाजारों में पोस्टर-बैनर के माध्यम से QR कोड का प्रचार करेंगी। इसके अलावा छत्तीसगढ़ पुलिस एवं जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स और व्हाट्सऐप ग्रुप्स के माध्यम से भी अभियान का लिंक अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
2 अक्टूबर 2026, गांधी जयंती के दिन साइबर जागृति अभियान का समापन किया जाएगा। पुलिस ने जिलेवासियों से अभियान में सहभागी बनकर साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता फैलाने और सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!