हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
महासमुंद/सांकरा। मेहनत की कमाई से खरीदे गए गहने, जरूरत पड़ने पर गिरवी रखकर आर्थिक मदद लेने की उम्मीद और फिर उन्हीं गहनों को वापस पाने के लिए परेशानी! महासमुंद जिले के सांकरा क्षेत्र से ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां सोना-चांदी गिरवी रखने के कारोबार को लेकर श्याम ज्वेलर्स के संचालक राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
शिकायत के मुताबिक, गरीब एवं मजदूर वर्ग के लोगों ने अपनी आर्थिक जरूरतों के चलते श्याम ज्वेलर्स में सोने-चांदी के आभूषण गिरवी रखकर रकम ली थी। आरोप है कि बाद में जब लोगों ने अपने आभूषण वापस मांगे तो उन्हें आभूषण वापस नहीं किए गए। मामले की शिकायत मिलने के बाद सांकरा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 190/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) एवं 3(5) के तहत जांच शुरू की है।
2015 से चल रहा था सोना-चांदी गिरवी रखने का कारोबार
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित कारोबारी वर्ष 2015 से सोना-चांदी खरीदने और गिरवी रखने का व्यवसाय कर रहा था। मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने कारोबार से जुड़े दस्तावेजों और पुराने रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की कार्रवाई, 20 रजिस्टर और कई रिकॉर्ड जब्त
जांच के दौरान पुलिस ने गिरवी रखे गए सोना-चांदी के आभूषणों का विवरण दर्ज 20 रजिस्टर जब्त किए हैं। इसके साथ ही 7 गिरवी रिकॉर्ड कॉपियां और 2 गिरवी रसीद बुक भी पुलिस के हाथ लगी हैं।
इतना ही नहीं, आरोपी के कब्जे से Samsung Galaxy S22 Ultra मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड भी जब्त किए गए हैं। इसके अलावा साहूकार लाइसेंस और पंजीयन से संबंधित दस्तावेजों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।
कितने लोगों के गहने गिरवी रखे गए, जांच में खुलेगा पूरा मामला
फिलहाल पुलिस जब्त दस्तावेजों, गिरवी रजिस्टरों और लेन-देन के रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है। इन दस्तावेजों के आधार पर गिरवी रखे गए आभूषणों, संबंधित लोगों और आर्थिक लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि कितने लोगों के सोने-चांदी के आभूषण इस मामले से जुड़े हैं और उन्हें अपने गहने वापस मिल पाएंगे या नहीं? फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्टर: रमेश श्रीवास्तव
पिथौरा | हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!