✍️ गिरवर साहू
स्टेट रिपोर्टर – हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत APAAR ID बनाने के निर्देश, एग्रीस्टेक पंजीयन में तेजी लाने पर जोर
महासमुंद, 01 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार सुबह 10 बजे आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों में समयबद्धता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि साहू सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, सीएमओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। इस दौरान कलेक्टर ने जिला स्तरीय अधिकारियों को उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम से जुड़कर शिक्षार्थियों को शिक्षा प्रदान करने और जिम्मेदारीपूर्वक योगदान देने की उल्लास शपथ भी दिलाई।
🔴 बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द मरम्मत के निर्देश
कलेक्टर ने बारिश के कारण क्षतिग्रस्त एवं मरम्मत योग्य सड़कों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को चिन्हांकित सड़कों की आवश्यक मरम्मत जल्द कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आवागमन की सुविधा और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मरम्मत कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। बारिश के बाद खराब हुई सड़कों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया।
🔴 30 सितंबर तक बच्चों का आधार पंजीयन पूरा करने के निर्देश
बैठक में बच्चों के आधार कार्ड पंजीयन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि जिन बच्चों का आधार कार्ड एमबीयू अभी तक नहीं हुआ है, उनका चिन्हांकन कर पंजीयन की प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाए।
उन्होंने शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए 30 सितंबर तक लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। स्कूल स्तर पर ऐसे बच्चों की जानकारी संकलित कर आवश्यक दस्तावेज और पंजीयन प्रक्रिया पूरी कराने को कहा गया।
🔴 विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत APAAR ID बनाने पर जोर
कलेक्टर ने विद्यार्थियों की APAAR ID बनाने के लिए विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। सभी संकुल समन्वयकों को विद्यार्थियों की APAAR ID बनना सुनिश्चित करने तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही स्कूलों में किचन गार्डन विकसित करने और नेवता भोज का नियमित आयोजन करने पर भी जोर दिया गया।
🔴 ग्रामीण रोजगार कार्यों की समीक्षा
कलेक्टर ने वीबीजी-रामजी ग्रामीण रोजगार से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए ग्राम पंचायतों में स्वीकृत कार्यों की प्रगति, कार्य प्रारंभ होने की स्थिति और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को स्वीकृत कार्य समय पर प्रारंभ कराने, गुणवत्ता के साथ पूरा करने और ग्रामीणों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
🔴 एग्रीस्टेक पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश
किसानों से संबंधित एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संस्थागत पंजीयन को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा। उन्होंने राजस्व विभाग को किसानों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि पंजीयन की प्रक्रिया में किसी भी संस्था को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
🔴 डिजिटल क्रॉप सर्वे की नियमित मॉनिटरिंग
कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रत्येक गांव में सर्वे की स्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। जहां सर्वे का कार्य शेष है, वहां विशेष टीम लगाकर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा कराने को कहा गया।
उन्होंने सर्वे के दौरान सभी संबंधित प्लॉट और आवश्यक अभिलेखों की जानकारी व्यवस्थित रूप से दर्ज करने पर जोर दिया। साथ ही पटवारियों को सर्वे किए गए प्लॉट का अप्रूवल शीघ्र करने के निर्देश दिए।
🔴 आवारा पशुओं पर कार्रवाई, खुले में मवेशी छोड़ने वालों पर अर्थदंड
बैठक में आवारा पशुओं की रोकथाम को लेकर भी कलेक्टर ने गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा पशु मालिकों को जागरूक करने को कहा गया।
उन्होंने निर्देश दिए कि सड़कों पर आवारा पशुओं के कारण दुर्घटनाएं न हों, इसके लिए नगरीय निकाय और पंचायत स्तर पर नियमित कार्रवाई की जाए। समझाइश के बावजूद जानबूझकर मवेशियों को खुला छोड़ने वाले पशु मालिकों पर कार्रवाई और अर्थदंड सुनिश्चित करने को कहा गया।
🔴 स्वच्छता और जन शिकायतों के निराकरण पर भी जोर
कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए प्रतिदिन कचरा उठाव और निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सामुदायिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर जवाबदावा प्रस्तुत करने, सुशासन तिहार, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम और जन शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री लंगेह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-सीमा की बैठकों में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करें और प्रत्येक कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा करते रहें। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यप्रणाली में समयबद्धता, पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी विभागीय कार्यों के साथ-साथ जनहित से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!