✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
महासमुंद/रायपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध सूदखोरी के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित सूदखोर कुलदीप सिंह छाबड़ा के ठिकाने पर दबिश दी। रायपुर के मोवा स्थित डॉल्फिन प्लाजा के फ्लैट की तलाशी में पुलिस को ऐसे दस्तावेजों का बड़ा जखीरा मिला है, जिसने अवैध ब्याज वसूली के नेटवर्क की आशंका को उजागर किया है।
42 हजार रुपये उधार लेकर 65 हजार चुकाए, फिर भी नहीं मिली राहत
मामले की शुरुआत बसना थाना क्षेत्र के ग्राम बंसुलाडीपा निवासी विनोद चौहान की शिकायत से हुई। शिकायत के अनुसार, उन्होंने वाहन की मरम्मत के लिए कुलदीप सिंह छाबड़ा से 42 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि आरोपी ने औपचारिकता के नाम पर विनोद और उनके भाई के ब्लैंक चेक, बैंक पासबुक और आधार कार्ड अपने पास रख लिए।
पीड़ित का आरोप है कि बाद में फोन-पे के माध्यम से 40 हजार रुपये और बर्तन-जेवर बिकवाकर 25 हजार रुपये नकद वसूल किए गए। इस तरह कुल 65 हजार रुपये चुकाने के बावजूद आरोपी ने उनके चेक वापस नहीं किए। इतना ही नहीं, कैंसर पीड़ित मां के सामने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।
रायपुर में पुलिस की दबिश, मिला दस्तावेजों का जखीरा
शिकायत के आधार पर बसना थाना पुलिस ने 13 नवंबर को रायपुर के मोवा स्थित आरोपी के निवास पर तलाशी ली। इस दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में बैंकिंग और जमीन से संबंधित दस्तावेज जब्त किए।
पुलिस द्वारा जब्त सामग्री:
- 160 ब्लैंक चेक
- 48 ब्लैंक स्टांप
- 9 ऋण पुस्तिका एवं जमीन से संबंधित दस्तावेज
- 27 एटीएम कार्ड
- 24 बैंक पासबुक
- हिसाब-किताब की 2 डायरियां
- 2 नोट कॉपियां
- 1 लाख 20 हजार रुपये नकद
- 1 मोबाइल फोन
आरोपी गिरफ्तार, विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा (53 वर्ष), निवासी डॉल्फिन प्लाजा, मोवा, रायपुर के खिलाफ थाना बसना में अपराध क्रमांक 636/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 296, 351(2) तथा छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम की धारा 4 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
160 ब्लैंक चेक और बड़ी संख्या में बैंकिंग दस्तावेजों की बरामदगी के बाद अब इस पूरे मामले में पुलिस की जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जांच से यह पता चल सकेगा कि कथित सूदखोरी के इस नेटवर्क से और कितने लोग प्रभावित हुए हैं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!