महासमुंद में 85 लाख का गांजा बरामद, 4 तस्कर गिरफ्तार
स्टेट रिपोर्टर — संतन दास मानिकपुरी hamarpradeshcg.com
कांच के टुकड़ों और कचरे के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 170.75 किलो गांजा, पुलिस ने किया भंडाफोड़
महासमुंद। जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महासमुंद थाना पुलिस ने मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर एनएच-353 पर महाराजा ढाबा, बिरकोनी के पास घेराबंदी कर एक मिनी ट्रक से 170.75 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 85 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए गांजे को मिनी ट्रक के डाले में कांच के टुकड़ों और कचरे के नीचे छिपाया था। प्रारंभिक तौर पर ट्रक कांच के टुकड़ों से भरा दिखाई दे रहा था, लेकिन गहन पूछताछ और तलाशी के दौरान गांजे की खेप का खुलासा हुआ।
फॉलो कार से भी पकड़े गए तीन आरोपी
पूछताछ में मिनी ट्रक चालक ने बताया कि उसके पीछे एक स्वीफ्ट कार में उसके सहयोगी आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने निगरानी करते हुए कार को रोका और उसमें सवार तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित कुमार यादव (25), संतोष गुप्ता (60), अविनाश सिंह (43) और श्याम प्रकाश सोनी (37) के रूप में हुई है। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के निवासी बताए गए हैं।
ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे गांजा
पुलिस पूछताछ के अनुसार गांजे की खेप बौद्धगढ़, ओडिशा से लेकर फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश में सप्लाई करने की योजना थी। तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक और आरोपियों के साथ चल रही स्वीफ्ट कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
करीब 97 लाख रुपये का मशरूका जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 97 लाख 03 हजार 970 रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसमें 170.75 किलो गांजा, मिनी ट्रक, स्वीफ्ट कार, नोकिया कीपैड मोबाइल और नकद राशि शामिल है।
जब्त सामग्री:
- 170.75 किलो गांजा — ₹85,00,000
- मिनी ट्रक — ₹10,00,000
- स्वीफ्ट कार — ₹2,00,000
- नोकिया कीपैड मोबाइल — ₹300
- नकद — ₹3,670
- कुल — ₹97,03,970
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना महासमुंद में अपराध क्रमांक 481/2026, धारा 20(ख) नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
महासमुंद पुलिस के अनुसार सटीक सूचना, त्वरित घेराबंदी और टीम के बीच बेहतर समन्वय के चलते गांजा तस्करी के इस नेटवर्क को पकड़ने में सफलता मिली।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!