✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, एक नाबालिग भी पकड़ा गया
महासमुंद। जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों से करीब 246 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 23 लाख 12 हजार 500 रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को भी पुलिस ने पकड़ा है।
महासमुंद पुलिस ने यह कार्रवाई ऑपरेशन निश्चय के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के सहयोग से की।
घोड़ारी नाके पर दो कारों से 117 किलो गांजा बरामद
पहली कार्रवाई महासमुंद थाना क्षेत्र के घोड़ारी नाके के पास हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो कारों के जरिए ओडिशा से गांजा भिलाई ले जाया जा रहा है। पुलिस की चेकिंग देखकर तस्करों ने वाहन वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर दोनों वाहनों को मूढ़ेना के पास पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान एक कार से 117.15 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 58 लाख 57 हजार 500 रुपये है। मामले में तीन आरोपियों के साथ एक नाबालिग को पकड़ा गया। पुलिस ने गांजे के अलावा दो कार, चार मोबाइल फोन और सोने जैसे आभूषण भी जब्त किए। इस मामले में कुल जब्ती करीब 71 लाख 96 हजार 500 रुपये बताई गई है।
सांकरा में 83 किलो गांजा बरामद
दूसरी कार्रवाई सांकरा थाना क्षेत्र के बिजेपुर मोड़, NH-53 पर की गई। पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक सफेद रंग की बलेनो कार को रोककर तलाशी ली।
कार से 83.100 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 41 लाख 55 हजार रुपये है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल बलेनो कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए। मामले में मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। कुल जब्ती करीब 47 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है।
बसना में थार से 46 किलो गांजा बरामद
तीसरी कार्रवाई बसना थाना क्षेत्र के पलसापाली में हुई। पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने ओडिशा की ओर से आ रही थार वाहन क्रमांक MH 31 GA 9533 को घेराबंदी कर पकड़ा।
तलाशी में वाहन से 46 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बलांगीर से लाकर महाराष्ट्र के नागपुर ले जाने की बात पुलिस को बताई।
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से गांजे के अलावा करीब 15 लाख रुपये कीमत की थार और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। इस मामले में कुल जब्ती करीब 38 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
तस्करी नेटवर्क की तलाश जारी
महासमुंद पुलिस और एएनटीएफ की टीम ऑपरेशन निश्चय के तहत अंतरराज्यीय गांजा तस्करी पर लगातार नजर रख रही है। पुलिस के अनुसार, ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते दूसरे राज्यों तक गांजा पहुंचाने वाले नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
एएसपी सुशील कुमार नायक ने बताया कि तीनों मामलों में करीब 246 किलो गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 23 लाख 12 हजार 500 रुपये है। पुलिस अब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और संभावित मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है। आने वाले दिनों में भी मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!