हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
महासमुंद शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों के साथ होने वाले बर्ताव को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। जिला अस्पताल के दवाई काउंटर (फार्मेसी) में दवाई वितरण के दौरान कर्मचारियों द्वारा मरीजों के साथ किए जा रहे दुर्व्यवहार की शिकायत जब सीधे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (CM Helpline 1076) पर पहुंची, तो अस्पताल प्रबंधन और दोषी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब फार्मेसी कर्मचारियों को लिखित में सफाई और माफी देनी पड़ी है।
क्या है पूरा मामला?
महासमुंद के विकासखंड महासमुंद निवासी श्री केवल चन्द्र दीवान जिला अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे थे। इस दौरान दवाई काउंटर पर तैनात कर्मचारी द्वारा उनके साथ बेहद अभद्र और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार किया गया। पीड़ित ने इसकी शिकायत सीधे सीएम हेल्पलाइन 1076 पोर्टल पर दर्ज करा दी, जिसका टोकन क्रमांक CC261100262599 है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से जुड़े इस पोर्टल पर शिकायत दर्ज होते ही अस्पताल प्रबंधन तुरंत एक्शन में आ गया।
📝 कर्मचारियों ने पहले आरोपों को बताया निराधार, फिर मांगी माफी:
संयुक्त संचालक सह अस्पताल अधीक्षक द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद, फार्मेसी कर्मचारी उषा साहू एवं समस्त फार्मेसी स्टाफ ने संयुक्त संचालक को पत्र सौंपकर जवाब दिया।
• पत्र में दावा: कर्मचारियों ने पहले तो शिकायतकर्ता के आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया और कहा कि जिला अस्पताल की फार्मेसी में रोजाना 400-500 मरीज आते हैं, जिन्हें शिष्टतापूर्वक दवाइयों की जानकारी दी जाती है।
• भविष्य के लिए लिखित आश्वासन: अपनी सफाई देने के साथ ही कर्मचारियों ने यह भी लिखित आश्वासन दिया है कि "आगे से फार्मेसी के कर्मचारियों द्वारा मरीजों के साथ इस तरह का दुर्व्यवहार नहीं होगा, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।"
अस्पताल प्रबंधन ने कलेक्टर और सीएमएचओ को भेजी रिपोर्ट:
इस मामले में कार्यालय संयुक्त संचालक सह अस्पताल अधीक्षक ने आधिकारिक आदेश (क्रमांक 2421/ स.सं.अस्प.अधी./नि.स./2026) जारी कर शिकायतकर्ता केवल चन्द्र दीवान को सूचित किया है कि संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण ले लिया गया है और वे भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न होने के लिए क्षमा प्रार्थी हैं।
इस पूरे मामले की प्रतिलिपि महासमुंद जिला कलेक्टर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को भी आगामी सूचना और कार्रवाई के लिए आधिकारिक रूप से प्रेषित कर दी गई है।
*हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ का सवाल:*
यह मामला यह साबित करता है कि यदि सजग नागरिक अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएं, तो तंत्र को जवाबदेह बनना ही पड़ता है। लेकिन सवाल अब भी बरकरार है कि दूर-दराज से आने वाले गरीब मरीजों को हर दिन ऐसे कितने दुर्व्यवहार चुपचाप सहने पड़ते होंगे जिनकी शिकायत सीएम पोर्टल तक नहीं पहुंच पाती?
स्टेट रिपोर्टर: संतनदास मानिकपुरी (स्टेट रिपोर्टर)
लेखन : कमलेश चंद्राकार ( ब्लॉक रिपोर्टर महासमुन्द)
*हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!