Thursday, November 26 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

महासमुंद की 50 ग्राम पंचायतों में सामाजिक अंकेक्षण तेज, योजनाओं के कार्यों की होगी जमीनी जांच

State Head - H.R.SAHU
State Head - H.R.SAHU
5 Min Read 0 Comments
Chhattishgarh local news
Chhattishgarh local news

✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़

 

### महासमुंद की 50 ग्राम पंचायतों में सामाजिक अंकेक्षण तेज, योजनाओं के कार्यों की होगी जमीनी जांच

 

551 ग्राम पंचायतों में अंकेक्षण का लक्ष्य, अब तक 303 पंचायतों में प्रक्रिया पूरी; वीबी-जी राम जी और प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों का हो रहा भौतिक सत्यापन

 

महासमुंद, 4 नवंबर 2026। शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महासमुंद जिले में सामाजिक अंकेक्षण (सोशल ऑडिट) का अभियान तेजी से संचालित किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले की कुल 551 ग्राम पंचायतों में सामाजिक अंकेक्षण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत अब तक 303 ग्राम पंचायतों में अंकेक्षण कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष 248 पंचायतों में से प्रथम चरण में 50 ग्राम पंचायतों में प्रक्रिया जारी है।

 

पांचों जनपद पंचायतों की 50 पंचायतों में जांच

 

कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के आदेशानुसार जिले के पांचों जनपद पंचायत पिथौरा, बागबाहरा, बसना, सरायपाली और महासमुंद की चयनित 50 ग्राम पंचायतों में सामाजिक अंकेक्षण दल द्वारा सघन जांच की जा रही है।

 

इस दौरान वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत पिछले वित्तीय वर्षों में कराए गए कार्यों तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्मित आवासों का स्थल निरीक्षण किया जा रहा है। इसके साथ ही मजदूरों का घर-घर जाकर सत्यापन, संबंधित अभिलेखों की बारीकी से जांच और जमीनी स्तर पर सर्वे भी किया जा रहा है।

 

विशेष ग्राम सभाओं में पढ़ा जाएगा अंकेक्षण प्रतिवेदन

 

सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए 4 से 7 दिवसीय अंकेक्षण के बाद विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन ग्राम सभाओं में अंकेक्षण प्रतिवेदन का वाचन होगा। साथ ही पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों और जांच प्रतिवेदनों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों के सामने योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

 

निष्पक्षता के लिए स्वतंत्र पर्यवेक्षकों की तैनाती

 

अंकेक्षण कार्य के सुचारू संचालन के लिए प्रत्येक ग्राम सभा में सहायक आंतरिक लेखा एवं करारोपण अधिकारी को स्वतंत्र पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है। वहीं विभिन्न जनपद पंचायतों में अलग-अलग ब्लॉक अंकेक्षण दल प्रमुखों की नियुक्ति कर पूरी प्रक्रिया की निगरानी और समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

ग्राम सभाओं में भागीदारी की अपील

 

जिला प्रशासन एवं जिला पंचायत महासमुंद ने सभी ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और संबंधित कार्य एजेंसियों से अपील की है कि वे सामाजिक अंकेक्षण के दौरान आयोजित ग्राम सभाओं में अनिवार्य रूप से सक्रिय भागीदारी निभाएं और कोरम की पूर्ति सुनिश्चित करें।

 

प्रशासन का उद्देश्य है कि सामाजिक अंकेक्षण के माध्यम से सरकारी योजनाओं के कार्यों की वास्तविक स्थिति सामने आए, कमियों की पहचान हो और ग्रामीणों की सहभागिता से व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जवाबदेही मजबूत हो।

 

303 ग्राम पंचायतों में अंकेक्षण पूरा होना और अब 50 पंचायतों में जमीनी जांच का आगे बढ़ना जिले में योजनाओं की निगरानी एवं जनभागीदारी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

State Head - H.R.SAHU
Written by

State Head - H.R.SAHU

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos