अभिषेक कुमार पाण्डेय रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़
महामाया मंदिर गेट पर भाजपा के दो गुटों में खूनी टकराव: चप्पल से पिटाई का वीडियो वायरल, कपड़े फाड़े; क्रॉस FIR दर्ज
बिलासपुर (रतनपुर):
मां महामाया की पावन नगरी रतनपुर में आस्था के प्रमुख केंद्र के मुख्य द्वार पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब भाजपा से जुड़े दो गुट आपस में भिड़ गए। दुकान में हुई चोरी के शक को लेकर भड़की चिंगारी देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। बीच सड़क पर जमकर लात-घूंसे चले, कपड़े फाड़े गए और एक भाजपा नेत्री द्वारा युवक को चप्पल से सरेआम पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। मामले में रतनपुर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चोरी के शक से सुलगी विवाद की चिंगारी
* दुकान से चोरी का आरोप: मंदिर रोड पर प्रसाद की दुकान व होटल चलाने वाले तुषार पटेल के प्रतिष्ठान से करीब एक सप्ताह पहले सामान चोरी हुआ था, जिसकी शिकायत उन्होंने थाने में दर्ज कराई थी।
* पूछताछ पर तनातनी: शनिवार को महामाया मंदिर गेट के पास तुषार ने अपनी दुकान के पूर्व कर्मचारी करिया उर्फ मनोज को देखा। संदेह के आधार पर जब तुषार ने मनोज के साथी मोंटी धीवर से पूछताछ शुरू की, तो विवाद बढ़ गया।
* नेत्री के पहुंचते ही भड़का मामला: यह बात मनोज और फूल दुकान संचालक भाजपा नेत्री रेहाना बेगम तक पहुंची। दोपहर करीब 2:30 बजे रेहाना बेगम अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचीं, जिसके बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।
सरेआम चप्पल से पिटाई, कपड़े फाड़े और जान से मारने की धमकी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर के मुख्य गेट पर दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई:
* तुषार पटेल पक्ष का आरोप: रेहाना बेगम, भागवत उर्फ रेहान, शेरू और मोंटी ने उन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचीं तुषार की बहन मेघा प्रधान और ईश्वर प्रधान के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनके कपड़े फट गए और गंभीर चोटें आईं।
* दूसरे पक्ष का पलटवार: दूसरे पक्ष ने भी बदसलूकी, गाली-गलौज और झूठे आरोप लगाने की बात कहते हुए थाने में शिकायत दी है।
पुलिस का एक्शन: दोनों पक्षों पर क्रॉस FIR
मंदिर जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस घटना को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। रतनपुर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस वायरल वीडियो और मौके के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़
हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!