✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
जिला रिपोर्टर जगेश्वर पटेल गरियाबंद
गरियाबंद, 19 नवंबर 2026। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अंतर्गत महानदी के उद्गम क्षेत्र करका में बुधवार को वन विभाग, पुलिस एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 102.45 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। इस अभियान में 400 से अधिक वनकर्मी, पुलिस बल एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी तैनात रहे।
2200 हेक्टेयर का अधिकार मिला, फिर भी काट दिए 1 लाख पेड़
वर्ष 2020 में शासन ने ग्रामसभा करका को करीब 2200 हेक्टेयर वन क्षेत्र में सामुदायिक वन संसाधन अधिकार (CFRR) दिए थे। इसका उद्देश्य समुदाय के सहयोग से वन का संरक्षण और संवर्धन करना था।
लेकिन इसके बावजूद पिछले एक दशक में करका के जंगल में बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई, पेड़ों को गलाकर सुखाने (गर्डलिंग) और वनभूमि पर खेती करके अतिक्रमण बढ़ाया गया। विभागीय आकलन के अनुसार इस दौरान करीब 1 लाख पेड़ों की कटाई और क्षति हुई।
वर्ष 2016 में जो अतिक्रमण मात्र 22 हेक्टेयर था, वह 2026 तक बढ़कर 102.45 हेक्टेयर हो गया। इसका दस्तावेजीकरण इसरो सैटेलाइट इमेजरी और जीपीएस-ड्रोन सर्वेक्षण से किया गया है।
महिला वनकर्मियों ने निभाई अग्रणी भूमिका
इस कार्रवाई में महिला वनकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पिछले 4 वर्षों में महिला वनकर्मियों की सक्रिय भागीदारी से कुल 1090 हेक्टेयर वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है।
आगजनी की कोशिश नाकाम, महिला वनकर्मी पर हमला, 3 गिरफ्तार
अभियान के दौरान टाइगर रिजर्व में आगजनी की कोशिश को नाकाम कर दिया गया। इस दौरान एक महिला वनकर्मी पर हमला भी हुआ। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दुष्प्रेरण और अतिक्रमणकारियों को बरगलाने वालों पर भी POR दर्ज होगा।
2500 कंटूर ट्रेंच बने, 25000 का लक्ष्य
अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर आज ही 2500 कंटूर ट्रेंच का निर्माण किया गया। विभाग का लक्ष्य 25000 ट्रेंच बनाने का है, ताकि वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और प्राकृतिक वनस्पति का पुनर्जनन हो सके।

वन विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई केवल कब्जा हटाने की नहीं, बल्कि महानदी के उद्गम क्षेत्र, वन्यजीव आवास और प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!