✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। CBI की पूछताछ और रिमांड अवधि पूरी होने के बाद विशेष CBI अदालत ने सौरभ चंद्राकर को 7 दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया है। अदालत के आदेश के बाद उसे रायपुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया है। वहीं, सौरभ की हिरासत हासिल करने के लिए ED की ओर से प्रस्तुत कस्टडी आवेदन को अदालत ने खारिज कर दिया है।
ED को झटका, कस्टडी के लिए अलग अदालत में जाना होगा
जानकारी के अनुसार, CBI की 8 दिनों की रिमांड पूरी होने के बाद सौरभ चंद्राकर को अदालत में पेश किया गया। इस दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी उसे अपनी हिरासत में लेने के लिए आवेदन दिया था। हालांकि, CBI कोर्ट ने ED की कस्टडी अर्जी स्वीकार नहीं की।
अदालत ने ED को अपनी विशेष अदालत में कस्टडी के लिए आवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। ऐसे में अब ED को सौरभ की हिरासत हासिल करने के लिए अलग न्यायिक प्रक्रिया अपनानी होगी।
19 नवंबर को होगी अगली पेशी
अदालत ने सौरभ चंद्राकर को 7 दिनों की न्यायिक रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है। इस दौरान वह रायपुर सेंट्रल जेल में रहेगा। आगामी 19 नवंबर को उसे फिर अदालत में पेश किया जाएगा। इस बीच ED अपनी विशेष अदालत में हिरासत की मांग कर सकती है।
पूछताछ में लाइजनिंग से बनाई दूरी, रवि उप्पल का लिया नाम
CBI मुख्यालय दिल्ली में हुई पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर के बयानों को लेकर भी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। सूत्रों के मुताबिक, महादेव ऐप से जुड़े कथित लाइजनिंग कार्य को लेकर पूछे गए सवालों पर सौरभ ने इस जिम्मेदारी से अपना पल्ला झाड़ते हुए रवि उप्पल की भूमिका बताई।
बताया जा रहा है कि रवि उप्पल ने पूछताछ के दौरान लाइजनिंग से जुड़ी जिम्मेदारी संभालने की बात स्वीकार की है। हालांकि, इन बयानों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
पैनल ऑपरेशन और हवाला ट्रांजेक्शन सिस्टम पर कबूलनामा
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर ने महादेव ऐप के पैनल ऑपरेशन और हवाला ट्रांजेक्शन सिस्टम से जुड़ी जिम्मेदारी संभालने की बात स्वीकार की है। CBI यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित सट्टेबाजी नेटवर्क का संचालन किस तरह होता था और पैसों का लेन-देन किन माध्यमों से किया जाता था।
जांच एजेंसी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और आर्थिक लेन-देन के पूरे तंत्र की भी पड़ताल कर रही है।
शुभम सोनी के वीडियो पर सवाल, सौरभ ने दिया यह जवाब
पूछताछ के दौरान CBI ने शुभम सोनी द्वारा जारी किए गए वीडियो का भी हवाला दिया। इस वीडियो में शुभम सोनी ने कथित तौर पर दावा किया था कि सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल उसके अधीन काम करते थे।
सूत्रों के मुताबिक, जब CBI ने इस वीडियो में किए गए दावों को लेकर सौरभ से सवाल किया, तो उसने शुभम सोनी से ही पूछने की बात कही। इस जवाब के बाद जांच एजेंसी वीडियो में किए गए दावों और संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
ओमान से प्रत्यर्पण के बाद शुरू हुई थी पूछताछ
गौरतलब है कि सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। भारत आने के बाद CBI ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इसके बाद रायपुर की विशेष CBI अदालत ने जांच एजेंसी को 8 दिनों की रिमांड प्रदान की थी।
इस दौरान महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के कथित संचालन, सट्टेबाजी नेटवर्क, हवाला के जरिए पैसों के लेन-देन और विदेशों में संचालित गतिविधियों को लेकर पूछताछ की गई।
फिलहाल सौरभ चंद्राकर रायपुर सेंट्रल जेल में है। अब सबकी नजर ED की अगली कानूनी कार्रवाई और 19 नवंबर को होने वाली पेशी पर टिकी हुई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों से महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़े कई और राज खुलने की संभावना है।
नोट: पूछताछ से संबंधित दावे सूत्रों पर आधारित हैं। इन्हें जांच एजेंसियों की आधिकारिक पुष्टि के अधीन माना जाना चाहिए।
**हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़**
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!