✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। करीब 6 हजार करोड़ रुपये के कथित महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया। CBI ने उससे पूछताछ के लिए 10 दिन की कस्टोडियल रिमांड मांगी है। वहीं, बचाव पक्ष ने गिरफ्तारी की वैधता पर सवाल उठाते हुए इसे अवैध बताया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने सुनवाई लंच तक के लिए स्थगित कर दी।
विशेष न्यायाधीश मनोज कुमार सिंह ठाकुर की अदालत में हुई सुनवाई के दौरान CBI की ओर से चंदन सिंह ने पक्ष रखा, जबकि बचाव पक्ष की ओर से तुषार गिरी और शशांक मिश्रा पैरवी कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। सुनवाई के दौरान ED के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
गिरफ्तारी की वैधता पर बचाव पक्ष ने उठाए सवाल
बचाव पक्ष ने आरोप लगाया कि CBI ने गिरफ्तारी से जुड़े आवश्यक दस्तावेज अदालत के सामने प्रस्तुत नहीं किए हैं। वकीलों ने ED के मनी लॉन्ड्रिंग मामले और प्रत्यर्पण की शर्तों का हवाला देते हुए कहा कि ओमान से भारत प्रत्यर्पण की मंजूरी ED के मामले में मिली थी। ऐसे में CBI की ओर से की गई कार्रवाई प्रत्यर्पण की शर्तों के अनुरूप है या नहीं, इस पर सवाल उठाए गए।
वहीं, CBI ने जवाब दिया कि गिरफ्तारी पुराने आदेशों के आधार पर नहीं, बल्कि नए आदेश के तहत की गई है। एजेंसी का कहना है कि संबंधित आदेश में किसी विशेष जांच एजेंसी का उल्लेख नहीं है।
ओमान से प्रत्यर्पण के बाद दिल्ली होते हुए रायपुर पहुंचा
सौरभ चंद्राकर को 1 नवंबर 2026 को ओमान के मस्कट से CBI की टीम भारत लेकर आई थी। इसके बाद उसे दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया, जहां से CBI को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली। अदालत के निर्देशानुसार उसे 4 नवंबर तक रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाना था। मंगलवार को CBI की टीम उसे फ्लाइट से दिल्ली से रायपुर लेकर पहुंची।
116 दिन बाद भारत लाया गया आरोपी
जांच एजेंसियों के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर वर्ष 2023 से दुबई में रह रहा था। उसके खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। आरोप है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने फर्जी पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल किया।
ओमान की रॉयल पुलिस ने उसे 8 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया था। इसके बाद प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने में करीब 116 दिन लगे। ओमान की मस्कट कोर्ट ऑफ अपील ने 8 अक्टूबर 2026 को भारत के प्रत्यर्पण अनुरोध को प्राथमिकता देने का फैसला सुनाया था।
छत्तीसगढ़ सरकार ने सौंपी थीं 13 FIR
महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े मामलों की जांच CBI और ED दोनों कर रही हैं। छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से 13 FIR CBI को सौंपी गई थीं। इनमें से दो मामलों में एजेंसी आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। वहीं, ED कथित मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध आर्थिक लेन-देन की जांच कर रही है।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि सट्टेबाजी से प्राप्त रकम को हवाला सहित विभिन्न माध्यमों से इधर-उधर किया गया। UAE में हुई भव्य शादी, निजी जेट और बड़े आयोजनों पर खर्च की गई कथित करोड़ों रुपये की रकम भी जांच के दायरे में रही है।
भिलाई से शुरू हुआ कथित नेटवर्क, विदेशों तक फैला कारोबार
भिलाई से ताल्लुक रखने वाले सौरभ चंद्राकर का नाम महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क के प्रमुख आरोपियों में शामिल है। जांच एजेंसियों के अनुसार, स्थानीय स्तर से शुरू हुआ यह कथित कारोबार धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क में बदल गया। इसके संचालन में दुबई सहित विदेशों में मौजूद लोगों और कंपनियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी पर CBI को बधाई दी थी और उम्मीद जताई थी कि इस कार्रवाई से कथित संरक्षण राशि के लेन-देन को लेकर बड़े खुलासे हो सकते हैं।
अब कोर्ट के फैसले पर टिकी निगाहें
फिलहाल पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण सवाल CBI की 10 दिन की रिमांड मांग को लेकर है। एजेंसी सौरभ चंद्राकर से कथित सट्टेबाजी नेटवर्क के संचालन, आर्थिक लेन-देन, विदेशों में संचालित कंपनियों और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ करना चाहती है।
लंच के बाद होने वाली सुनवाई में अदालत क्या फैसला सुनाती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। रिमांड मिलने की स्थिति में जांच एजेंसी को मामले की कई अहम कड़ियों तक पहुंचने का अवसर मिल सकता है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!