✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
महतारी वंदन योजना बनी बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला
कनिज फातिमा और कचरू देवार हर माह सुकन्या समृद्धि खाते में जमा कर रहीं 500-500 रुपए
महासमुंद, 10 सितम्बर 2026। महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ परिवार की जरूरतों को पूरा करने और बेटियों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए बचत करने का अवसर भी प्रदान कर रही है। योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता का महिलाएं अपनी जरूरत और प्राथमिकताओं के अनुसार बेहतर उपयोग कर रही हैं। महासमुंद शहर की श्रीमती कनिज फातिमा और श्रीमती कचरू देवार इसका प्रेरणादायक उदाहरण हैं, जो योजना की राशि से अपनी बेटियों के भविष्य के लिए नियमित बचत कर रही हैं।
बेटी के पोषण के साथ भविष्य के लिए भी बचत
राम रहीम नगर निवासी श्रीमती कनिज फातिमा को महतारी वंदन योजना का लाभ नियमित रूप से मिल रहा है। वे योजना से प्राप्त 1,000 रुपए में से 500 रुपए अपनी बेटी के नाम सुकन्या समृद्धि खाते में जमा करती हैं, जबकि शेष 500 रुपए बेटी के पोषण और आवश्यक जरूरतों पर खर्च करती हैं। उनका कहना है कि योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता ने उन्हें बेटी के भविष्य के लिए नियमित रूप से बचत करने का अवसर दिया है।
कचरू देवार भी कर रहीं नियमित बचत
इसी तरह देवार डेरा निवासी श्रीमती कचरू देवार ने भी अपनी बेटी के नाम सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाया है। वे महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि में से हर माह 500 रुपए खाते में जमा कर रही हैं। उनका मानना है कि छोटी-छोटी बचत भविष्य में बेटी की शिक्षा और अन्य महत्वपूर्ण जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित होगी।
इस तरह महतारी वंदन योजना की आर्थिक सहायता केवल महिलाओं को आर्थिक संबल ही नहीं दे रही, बल्कि बेटियों के बेहतर भविष्य के लिए बचत की सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा दे रही है। कनिज फातिमा और कचरू देवार ने योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने तथा बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!