हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
ब्लॉक रिपोर्टर - रविशंकर चौहान
जिला - कोरबा
कोरबा (छत्तीसगढ़): अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस (27 नवंबर) के मौके पर कोरबा प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग की शादी होने से बचा ली। बालको थाना क्षेत्र के अंतर्गत लालघाट इलाके में बाल विवाह की सूचना मिलने के महज 25 मिनट के भीतर पुलिस और चाइल्डलाइन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर विवाह रुकवा दिया।
कैसे हुई कार्रवाई?
27 नवंबर की रात लालघाट क्षेत्र के एक घर में बाल विवाह कराए जाने की गोपनीय सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और स्थानीय पत्रकारों के जरिए छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा को मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयोग अध्यक्ष ने तुरंत अधिकारियों को एक्शन लेने के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही चाइल्डलाइन की सेक्टर सुपरवाइजर और पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शादी रुकवाई।
आयोग की सख्त चेतावनी और अपील
कार्रवाई के बाद आयोग अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने स्पष्ट संदेश दिया कि प्रदेश में बच्चों के अधिकारों का हनन और बाल विवाह जैसी कुप्रथा बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आयोग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जागरूक बनें और कहीं भी बाल विवाह की भनक लगते ही तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें, ताकि समय रहते बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया जा सके।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!