मरवाही में राशन दुकान में गड़बड़ी का आरोप, शिकायत के बाद दुकान निलंबित
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के मरवाही ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत मालाडांड़ में शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दुकान संचालक द्वारा हितग्राहियों से अंगूठा लगवाने के बाद भी उन्हें राशन नहीं दिया जाता था। शिकायत के बाद खाद्य विभाग ने जांच कर दुकान के खिलाफ कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मालाडांड़ में शारदा स्वयं सिद्धा महिला स्व-सहायता समूह द्वारा शासकीय उचित मूल्य दुकान का संचालन किया जा रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि कई हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर फिंगरप्रिंट लगवाया जाता था, लेकिन उन्हें राशन उपलब्ध नहीं कराया जाता था।
ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले 2 से 4 महीनों से कई परिवारों को इसी तरह राशन से वंचित किए जाने की शिकायत थी। उनका कहना है कि रिकॉर्ड में राशन वितरण दर्ज दिखाई देता था, जबकि वास्तविक रूप से उन्हें राशन नहीं मिला। मामले की शिकायत ग्रामीणों ने SDM मरवाही से की थी।
जांच में स्टॉक में मिली गड़बड़ी
सरपंच कुसुम बाई की शिकायत के बाद खाद्य विभाग की टीम ने 10 जुलाई को राशन दुकान की जांच की। जांच के दौरान चावल, शक्कर और नमक के स्टॉक में अंतर पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दुकान का आबंटन निरस्त कर उसे निलंबित कर दिया।
बताया गया है कि SDM मरवाही निकिता मरकाम ने 14 सितंबर को आदेश क्रमांक 602 जारी किया। कार्रवाई के बाद दुकान का अस्थायी संचालन मीनाक्षी महिला स्व-सहायता समूह, बदरौड़ी को सौंपा गया है।
हितग्राहियों को बकाया राशन दिलाने का आश्वासन
मामले में SDM निकिता मरकाम ने कहा है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पात्र हितग्राहियों को उनके बकाया राशन का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया गया है।
मामले में मालाडांड़ के राशन कार्ड हितग्राही, समतियां बाई, सुंदरिया बाई और पूनिया भाई ने भी अपनी शिकायतें और अनुभव साझा किए हैं।
जिला ब्यूरो – अवास कैवर्त
स्थान – मरवाही, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, छत्तीसगढ़
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
hamarpradeshcg.com
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!