✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ कमलेश चंद्राकर ब्लॉक रिपोर्टर
बारिश के बाद सड़क पर घुटनों तक पानी, ग्रामीणों ने सड़क ऊंची करने और नाली निर्माण की मांग की
ममाभांचा, बागबाहरा, महासमुंद। पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते ग्राम ममाभांचा मार्ग पर राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। छोटे नाले/पुलिया के समीप खेतों के बीच से गुजरने वाली मुख्य सड़क के निचले हिस्से में जलभराव होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है।
हाल ही में हुई तेज बारिश के दौरान सड़क के इस हिस्से में घुटनों तक पानी भर गया, जिसके चलते सड़क तालाब में तब्दील हो गई। ग्रामीणों के अनुसार खेतों से पानी तेज बहाव के साथ सड़क पर आ जाता है। सड़क पर बने खतरनाक उतार-चढ़ाव यानी स्लोप के कारण यहां से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और अनियंत्रित होने का खतरा बना रहता है।
स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को परेशानी
यह मार्ग आसपास के ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण है। रोजाना स्कूली बच्चे और सैकड़ों ग्रामीण इसी रास्ते से बागबाहरा ब्लॉक मुख्यालय की ओर आवागमन करते हैं। बारिश के दौरान सड़क पर पानी भरने से लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बारिश के मौसम में बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहेगी।
सड़क ऊंची करने और नाली निर्माण की मांग
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क के इस निचले और खतरनाक स्लोप वाले हिस्से को ऊंचा किया जाए। साथ ही खेतों से आने वाले पानी की उचित निकासी के लिए नाली का निर्माण कराया जाए, ताकि सड़क पर जलभराव की समस्या खत्म हो सके और आवागमन सुरक्षित हो।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराने की मांग की है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!