मनोज कुमार भट्ट स्टेट रिपोर्टर बस्तर छत्तीसगढ़
हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
मनरेगा से संवरा किसान का भविष्य: बस्तर के कोसमी में डबरी निर्माण से खेती को मिली नई संजीवनी
जगदलपुर, 26 सितंबर 2026 महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) बस्तर के ग्रामीण अंचलों में आजीविका संवर्धन और जल संरक्षण की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत कोसमी में मनरेगा से बनी एक डबरी ने एक किसान की तकदीर ही बदल दी है।
ग्राम कोसमी निवासी किसान अनुज पिता रामसिंह का परिवार पूरी तरह खेती-किसानी पर निर्भर है। पहले उनके खेत में वर्षा जल को रोकने का कोई साधन नहीं था। बरसात का पानी बहकर बर्बाद हो जाता था और मानसून जाते ही खेतों में नमी खत्म हो जाती थी। सिंचाई का स्थायी साधन न होने से वे केवल मानसून पर निर्भर रहते थे, जिससे हर साल फसल को नुकसान होता था।
किसान की इसी समस्या को देखते हुए मनरेगा के तहत 2 लाख 98 हजार रुपये की लागत से 25x25 मीटर आकार की डबरी के निर्माण को मंजूरी दी गई। यह कार्य 5 जनवरी 2025 को शुरू होकर 19 अप्रैल 2025 को पूरा* हुआ। इस कार्य से गांव के लोगों को 750 से अधिक मानव दिवस का सीधा रोजगार भी मिला।
डबरी बनने के बाद अब बरसात का पानी सीधे खेत के पास ही संचित होने लगा है। इससे खेत में नमी बनी रहती है और जरूरत पड़ने पर फसलों की सिंचाई भी आसानी से हो जाती है। साथ ही मवेशियों के लिए पानी की समस्या भी दूर हो गई है।
लाभार्थी किसान अनुज ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि डबरी बनने से अब खेती के लिए पानी की बेहतर व्यवस्था हो गई है। अब वे रबी सीजन में इसी डबरी से सिंचाई कर साग-सब्जी की खेती करेंगे, जिससे उनकी आमदनी भी बढ़ेगी।
कोसमी का यह प्रयास सिर्फ एक डबरी निर्माण नहीं, बल्कि जल संरक्षण के जरिए खेती को स्थायी बनाने और ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!