✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर – किशोर कुमार
8.938 हेक्टेयर जमीन आबंटन पर रोक की मांग, ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन; बोले- प्लांट लगा तो करेंगे उग्र आंदोलन
राजनांदगांव, 4 सितंबर। प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल मनगटा वन चेतना केंद्र के पास प्रस्तावित बायोगैस यानी CBG प्लांट को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। गुरुवार को पांच से अधिक गांवों के सैकड़ों ग्रामीण राजनांदगांव तहसील कार्यालय पहुंचे और प्रस्तावित प्लांट के लिए जमीन आबंटन पर रोक लगाने की मांग की।
पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेन्द्र दास वैष्णव के नेतृत्व में ग्रामीण तहसील कार्यालय पहुंचे। बताया गया कि इस मामले में गुरुवार को अंतिम सुनवाई थी। ग्रामीणों ने तहसीलदार के नाम ज्ञापन सौंपकर ग्राम पंचायत मुढ़ीपार के आश्रित ग्राम झूराडबरी में प्रस्तावित CBG प्लांट के लिए जमीन आबंटन पर आपत्ति दर्ज कराई।
8.938 हेक्टेयर जमीन का मामला
जानकारी के अनुसार झूराडबरी प.ह.नं. 18, राजस्व निरीक्षक मंडल खैरझिटी अंतर्गत खसरा नंबर 672 और 161 की कुल 8.938 हेक्टेयर जमीन के लिए कंपनी द्वारा मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि नगर निगम राजनांदगांव से निकलने वाले कचरे से बायोगैस तैयार करने के लिए यह प्लांट प्रस्तावित किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि कचरे के प्रसंस्करण से आसपास दुर्गंध और प्रदूषण की समस्या पैदा हो सकती है, जिसका असर स्थानीय लोगों के साथ-साथ मनगटा वन चेतना केंद्र आने वाले पर्यटकों पर भी पड़ सकता है।
पांच गांवों के ग्रामीणों ने जताई आपत्ति
मुढ़ीपार की सरपंच मीना साहू सहित जोरातराई, भेंडरवानी, नवागांव, बीरेझर और फुलझर समेत आसपास के गांवों के ग्रामीण तहसील कार्यालय पहुंचे। जोरातराई के सरपंच रमाकांत ने कहा कि ग्रामीण नहीं चाहते कि प्लांट लगने के बाद आसपास प्रदूषण बढ़े और इसका असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़े।
ग्रामीणों के अनुसार, CBG प्लांट का विज्ञापन तहसीलदार के माध्यम से प्रकाशित होने के बाद उन्हें प्रस्तावित जमीन की जानकारी मिली। उनका दावा है कि संबंधित जमीन गांव की प्रमुख चारागाह भूमि है और वे इसे प्लांट के लिए देने के पक्ष में नहीं हैं। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायतों ने भी सर्वसम्मति से विरोध प्रस्ताव पारित कर आपत्ति दर्ज कराई है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पहले यह संयंत्र किसी अन्य स्थान पर प्रस्तावित था, लेकिन वहां विरोध के बाद इसे झूराडबरी क्षेत्र में लाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
विधायक से भी मिल चुके हैं ग्रामीण
ग्रामीणों ने विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक डॉ. रमन सिंह से रायपुर में मुलाकात कर CBG प्लांट नहीं लगाए जाने की मांग भी रखी है। ग्रामीणों का दावा है कि उन्हें प्लांट नहीं लगाए जाने का आश्वासन मिला है।
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जमीन आबंटन और प्लांट स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने गिनाए संभावित नुकसान
ग्रामीणों ने CBG प्लांट के विरोध में कई संभावित पर्यावरणीय और सामाजिक प्रभावों का उल्लेख किया है—
1. वायु प्रदूषण और दुर्गंध: ग्रामीणों का दावा है कि कचरे के प्रसंस्करण से दुर्गंध और गैसों के उत्सर्जन की समस्या हो सकती है।
2. जल प्रदूषण का खतरा: कचरे से निकलने वाले लीचेट के कारण भू-जल, कुएं और बोरवेल प्रभावित होने की आशंका ग्रामीणों ने जताई है।
3. स्वास्थ्य संबंधी चिंता: मक्खी-मच्छरों की संख्या बढ़ने तथा दुर्गंध के कारण स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका व्यक्त की गई है।
4. चारागाह भूमि का संकट: ग्रामीणों का कहना है कि करीब 9 हेक्टेयर जमीन के उपयोग बदलने से पशुपालन करने वाले परिवारों के सामने चारे की समस्या उत्पन्न हो सकती है।
5. पर्यटन पर असर: ग्रामीणों के अनुसार मनगटा वन चेतना केंद्र ईको-टूरिज्म के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र है और किसी भी प्रकार का प्रदूषण क्षेत्र के प्राकृतिक वातावरण एवं पर्यटन गतिविधियों को प्रभावित कर सकता है।
फिलहाल प्रस्तावित CBG प्लांट को लेकर ग्रामीणों की आपत्ति और प्रशासनिक प्रक्रिया जारी है। प्लांट से होने वाले वास्तविक पर्यावरणीय प्रभावों का आकलन संबंधित विभागों की स्वीकृतियों और पर्यावरणीय जांच के आधार पर ही स्पष्ट होगा।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!