✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का सुनहरा मौका, महासमुंद में अब तक 5,600 नए मतदाता जुड़े
28 और 29 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों में लगेंगे विशेष शिविर, फॉर्म-6 से होगा नए मतदाताओं का पंजीयन
महासमुंद, 23 अक्टूबर 2026। लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महासमुंद जिले में मतदाता जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार 17 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं, 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र नागरिकों तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए लोगों को जोड़ने के लिए जिलेभर में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
जिले के महाविद्यालयों, स्कूलों और मतदान केंद्रों में जागरूकता कार्यक्रमों के साथ बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा पात्र नागरिकों का पंजीयन कराया जा रहा है। इसके लिए नए मतदाताओं से फॉर्म-6 भरवाया जा रहा है, जबकि मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन के लिए फॉर्म-8 की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है।
जिले में 8 लाख से अधिक मतदाता, अभियान में 5,600 नए नाम जुड़े
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महासमुंद जिले में वर्तमान में कुल 8,00,476 मतदाता दर्ज हैं। वहीं, विशेष अभियान के तहत अब तक 5,600 नए एवं छूटे हुए मतदाताओं के नाम जोड़ने की कार्रवाई की गई है। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
बम्हनी स्कूल में 60 से अधिक विद्यार्थियों का पंजीयन
इसी क्रम में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बम्हनी में विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नए मतदाताओं के पंजीयन के लिए फॉर्म-6 तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन के लिए फॉर्म-8 की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस दौरान ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से 60 से अधिक छात्र-छात्राओं का पंजीयन किया गया। विद्यार्थियों को मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व की जानकारी भी दी गई।
28 और 29 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों में विशेष शिविर
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, आगामी 28 एवं 29 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने तथा आवश्यक संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
प्रशासन ने पात्र युवाओं एवं छूटे हुए नागरिकों से अपील की है कि वे इन शिविरों का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया समय पर पूरी करें, ताकि लोकतंत्र में उनकी भागी
दारी सुनिश्चित हो सके।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!