Wednesday, September 30 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

भूमि सौदे में 10 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, जमीन दलाल गिरफ्तार; दो आरोपी फरार

State Head - Kishor
State Head - Kishor
49 Views 5 Min Read 0 Comments
भूमि सौदे में 10 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, जमीन दलाल गिरफ्तार; दो आरोपी फरार

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज दुर्ग ब्यूरो चीफ कलावती

दुर्ग। जमीन खरीद-बिक्री के नाम पर करीब 10.01 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में मोहन नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक जमीन दलाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी लोकेश खुल्लर उर्फ लक्की को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि मामले में शामिल बताए जा रहे अजय साहू और अमित साहू की तलाश जारी है।

सस्ते दाम पर जमीन दिलाने का दिया झांसा

पुलिस के अनुसार, शांति नगर निवासी विजय सिंह चौहान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2024 में अजय साहू, लोकेश खुल्लर और अमित साहू ने उरला क्षेत्र में करीब 10 हजार वर्गफीट जमीन सस्ते दाम पर दिलाने और भविष्य में अच्छा मुनाफा होने का झांसा दिया था।

जमीन का सौदा 1,250 रुपये प्रति वर्गफीट की दर से तय हुआ। इसके बाद 7 अक्टूबर 2024 को इकरारनामा किया गया। शिकायत के मुताबिक, प्रार्थी ने 3 अक्टूबर को अमित साहू को 51 हजार रुपये नगद तथा 7 अक्टूबर को जमीन मालिकों के नाम 5 लाख और 4.50 लाख रुपये के चेक दिए।

सीमांकन और बिजली खंभे के नाम पर करते रहे टालमटोल

शिकायत के अनुसार, रकम लेने के बाद आरोपियों ने जमीन का सीमांकन कराने और बिजली का खंभा हटवाने की बात कही, लेकिन लगातार मामले को टालते रहे। बाद में प्रार्थी को कथित तौर पर पता चला कि संबंधित जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर उसकी रजिस्ट्री भी कर दी गई है।

रकम वापस मांगने पर भी पैसे वापस नहीं किए गए, जिसके बाद प्रार्थी ने मोहन नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

एक आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

शिकायत के आधार पर मोहन नगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने 15 सितंबर को लोकेश खुल्लर उर्फ लक्की (38 वर्ष), निवासी मैत्री नगर रिसाली को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मामले में नामजद अजय साहू और अमित साहू की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जमीन खरीदने या बेचने से पहले जमीन के स्वामित्व, दस्तावेज, रजिस्ट्री रिकॉर्ड और अन्य कानूनी जानकारी का विधिवत सत्यापन जरूर करें, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके।

नोट: आरोपियों के संबंध में लगाए गए आरोप शिकायत और पुलिस कार्रवाई पर आधारित हैं। मामले की अंतिम पुष्टि न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद होगी।

State Head - Kishor
Written by

State Head - Kishor

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in अपराध.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos