✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
भिलाई/दुर्ग। सावन के पावन अवसर पर भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव के नेतृत्व में भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। यात्रा की शुरुआत दुर्ग स्थित पवित्र शिवनाथ नदी तट से हुई। यहां विधायक देवेंद्र यादव ने नदी में आस्था की डुबकी लगाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और कांवड़ में पवित्र जल भरा।
कांवड़ यात्रा में भिलाई, दुर्ग और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह भक्तिमय माहौल नजर आया और पूरा क्षेत्र भगवा रंग में रंगा दिखाई दिया।
पारंपरिक वाद्य यंत्रों, भक्ति गीतों और आकर्षक झांकियों के बीच श्रद्धालु ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। पैदल चल रहे कांवड़ियों में भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला।
शिवनाथ नदी से देवबलौदा तक कांवड़ यात्रा
यात्रा का आरंभ शिवनाथ नदी तट, दुर्ग से हुआ, जहां विशेष पूजा-अर्चना के बाद कांवड़ में जल भरा गया। इसके बाद कांवड़ यात्रा का गंतव्य देवबलौदा स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक शिव मंदिर रखा गया है।
कांवड़िए पवित्र जल लेकर पैदल देवबलौदा पहुंचेंगे, जहां भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक और विशेष रुद्राभिषेक किया जाएगा। इस दौरान महामृत्युंजय मंत्र का जाप भी किया जाएगा।
हजारों श्रद्धालु हुए शामिल
कांवड़ यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी रही। भव्य झांकियों और धार्मिक जयकारों से पूरा यात्रा मार्ग भक्तिमय नजर आया। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि कांवड़ यात्रा आपसी भाईचारे, अटूट आस्था और जनकल्याण की भावना का पर्व है। उन्होंने यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं का अभिनंदन और स्वागत किया।
देवबलौदा पहुंचने के बाद पवित्र शिवनाथ नदी से लाए गए जल से भगवान भोलेनाथ का विशेष जलाभिषेक किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!