✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
भिलाई। “साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़” के संकल्प को जनभागीदारी के जरिए मजबूत करने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने भिलाई के ट्रेजर आइलैंड मॉल में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) कौशलेन्द्र देव पटेल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में करीब 1,500 से अधिक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का आयोजन ग्रेसी म्यूजिक अकादमी के सहयोग से किया गया। इसमें साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति और सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर नागरिकों को जागरूक किया गया। बीएसपी की ‘इंद्रधनुष समूह’ टीम और ग्रेसी म्यूजिक अकादमी के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए साइबर ठगी, नशे के दुष्परिणाम और नशे की हालत में वाहन चलाने से होने वाले हादसों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
यातायात नियमों के पालन की अपील
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने वाहन चलाते समय जिम्मेदारी बरतने, नाबालिगों को वाहन न चलाने देने तथा नो-पार्किंग जोन और सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़ा नहीं करने की समझाइश दी।
साइबर ठगी से बचने दी जानकारी
साइबर क्राइम प्रभारी डॉ. संकल्प राय ने साइबर अपराध के बदलते तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल लेन-देन के दौरान सावधानी बरतने, OTP और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक और कॉल से सतर्क रहने की अपील की।
वहीं कल्याणी नशा मुक्ति केंद्र के अजय कल्याणी ने युवाओं को नशे से दूर रहने और अपने भविष्य के साथ परिवार को सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को आपातकालीन सहायता के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना देने तथा नशे से संबंधित सहायता और परामर्श के लिए 1933 हेल्पलाइन का उपयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर यातायात जोन प्रभारी निरीक्षक जी.आर. ओगरे, स्मृतिनगर चौकी प्रभारी अमित अंदानी, एक्स-आर्मी एसोसिएशन के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह सहित पुलिस अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से दुर्ग पुलिस ने नागरिकों को साइबर अपराध से सतर्क रहने, नशे से दूर रहने और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित समाज के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!