✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज दुर्ग ब्यूरो चीफ रिपोर्टर कलावती
भिलाई। दुर्ग पुलिस के नशा विरोधी अभियान के तहत स्मृतिनगर चौकी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने डी-मार्ट स्मृतिनगर के पास अवैध मादक पदार्थ डोडा और अफीम बेचने की फिराक में ग्राहक तलाश रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 826 ग्राम डोडा, 7.48 ग्राम अफीम, नकदी और मोबाइल फोन सहित कुल करीब 36,200 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को स्मृतिनगर चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डी-मार्ट के पास एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ बेचने के उद्देश्य से ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजा सिंह (38 वर्ष), निवासी आर्यनगर कोहका, भिलाई बताया। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उसके कब्जे से दो पैकेट में 826 ग्राम डोडा तथा एक पैकेट में 7.48 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई है।
इसके अलावा आरोपी के पास से मादक पदार्थ की बिक्री से प्राप्त 1,200 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त ओप्पो मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 36,200 रुपये है।
पुलिस ने आरोपी राजा सिंह के खिलाफ अपराध क्रमांक 1382/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 15, 18 और 27(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
दुर्ग पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अपने आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री, परिवहन या सेवन से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!