
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
भिलाई-चरोदा। भिलाई-चरोदा क्षेत्र में सी केबिन और डी केबिन में रुकने वाली करीब 11 लोकल एवं पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव रेलवे द्वारा बंद किए जाने से रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। रेलवे की ओर से जारी आदेश में ट्रेनों का ठहराव कब तक बंद रहेगा, इसकी स्पष्ट समय-सीमा का उल्लेख नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पहले ट्रेनों का स्टॉपेज अस्थायी तौर पर बंद किया गया था, लेकिन अब तक रेलवे ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह व्यवस्था कब तक जारी रहेगी। इससे चरोदा, देवबलौदा और आसपास के गांवों के यात्रियों में नाराजगी है।
डेढ़ किलोमीटर दूर एच केबिन में रोकी जा रही ट्रेनें
बताया जा रहा है कि इन ट्रेनों को चरोदा स्टेशन से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एच केबिन क्षेत्र में रोका जा रहा है। चरोदा में रेलवे की अप और डाउन लाइन के बीच बड़ा यार्ड है, जिसके कारण यात्रियों को काफी दूरी तय करनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सी, जी और डी केबिन में कई वर्षों से लोकल एवं पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव होता रहा है। इन ट्रेनों से विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग, दिहाड़ी मजदूर और रेलवे कर्मचारी नियमित रूप से आवागमन करते थे। स्टॉपेज बंद होने से अब इन यात्रियों को अतिरिक्त दूरी और समय की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
करीब 10 हजार यात्रियों के प्रभावित होने का दावा
स्थानीय लोगों के मुताबिक रेलवे की इस व्यवस्था से देवबलौदा, चरोदा, उरला, दादर और आसपास के गांवों के करीब 10 हजार लोग प्रभावित हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और रोज कमाने-खाने वाले मजदूरों को हो रही है।
यात्रियों का कहना है कि रायपुर-दुर्ग के बीच चलने वाली लोकल एवं पैसेंजर ट्रेनों के स्टॉपेज में बदलाव की पर्याप्त जानकारी भी उन्हें समय पर नहीं मिल पा रही है।
जनप्रतिनिधियों से मिले स्थानीय लोग
समस्या को लेकर शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने दुर्ग सांसद विजय बघेल, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पाटन विधायक भूपेश बघेल और अहिवारा विधायक डोमनलाल कौशिक से मुलाकात कर सी और डी केबिन में यात्री ट्रेनों का स्टॉपेज दोबारा शुरू कराने की मांग रखी।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
‘स्टेशन नहीं होने’ का दिया जा रहा हवाला
स्थानीय नागरिक रामकुमार सूर्यवंशी ने कहा कि सी और डी केबिन पर कई वर्षों से लोकल ट्रेनें रुकती रही हैं। अब रेलवे की ओर से यहां स्टेशन नहीं होने के कारण ट्रेनें नहीं रोकने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि रेलवे ने इस मामले में जल्द निर्णय नहीं लिया तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
सांसद विजय बघेल ने बताया तकनीकी समस्या का मामला
सांसद विजय बघेल ने कहा कि मामले में तकनीकी समस्या सामने आई है। ट्रैक बढ़ने के कारण कुछ तकनीकी दिक्कतें उत्पन्न हुई हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में रेलवे के जीएम और डीआरएम से लगातार चर्चा की जा रही है और जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
यात्रियों को जल्द राहत की उम्मीद
भिलाई-चरोदा क्षेत्र के लोगों का कहना है कि लोकल एवं पैसेंजर ट्रेनें उनके दैनिक आवागमन का महत्वपूर्ण साधन हैं। स्टॉपेज बंद होने से स्कूल-कॉलेज, नौकरी और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब यात्रियों की नजर रेलवे और जनप्रतिनिधियों की ओर है कि सी एवं डी केबिन में ट्रेनों का ठहराव कब तक बहाल किया जाता है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!