✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
भिलाई। हथखोज स्थित सिस्कोल फैक्ट्री में बुधवार शाम जॉब हैंडलिंग के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। यूनिट-3 में काम के दौरान भारी जॉब एक मजदूर के ऊपर गिर गई। हादसे में करीब 40 वर्षीय मजदूर राजेश निर्मलकर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया, वहीं मृतक के परिवार में मातम पसरा है।
राजेश धमधा क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। उनकी मौत से उनके तीन छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।
जॉब हैंडलिंग के दौरान हुआ हादसा
छावनी सीएसपी प्रशांत सिंह के अनुसार, बुधवार शाम सिस्कोल के यूनिट-3 में जॉब हैंडलिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान एक जॉब मजदूर राजेश निर्मलकर के ऊपर आ गई। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मजदूरों का प्रदर्शन
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और साथी मजदूर फैक्ट्री पहुंचे। बड़ी संख्या में मजदूरों ने फैक्ट्री परिसर में प्रदर्शन कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया। पूर्व पार्षद तुलसी पटेल ने दावा किया कि फैक्ट्री में लगातार हादसे हो रहे हैं और इसी स्थान पर यह दूसरी बड़ी घटना है। उनका आरोप है कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
मुआवजे की मांग
मृतक के परिवार ने कंपनी प्रबंधन से उचित मुआवजे की मांग की है। मामले को लेकर परिजनों और प्रबंधन के बीच बातचीत चल रही है। मजदूरों ने भी फैक्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना के बाद भिलाई-3 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीएसपी प्रशांत सिंह ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!