✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
भिलाई। शहर में बेहतर, सस्ती और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। नगर पालिक निगम भिलाई को स्वीकृत 50 इलेक्ट्रिक बसों में से प्रथम चरण की तैयारियों के तहत पहली ई-बस भिलाई पहुंच गई है। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने पहुंची इलेक्ट्रिक बस का अवलोकन किया और विभिन्न मार्गों पर बस का ट्रायल भी कराया।
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से शहरवासियों को सार्वजनिक परिवहन की बेहतर और सुगम सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे आवागमन अधिक सुविधाजनक होने के साथ ही प्रदूषण कम करने और स्वच्छ एवं हरित परिवहन को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।
नगर निगम भिलाई को कुल 50 ई-बसें स्वीकृत की गई हैं। प्रथम चरण में पहुंची बस के ट्रायल के साथ ही संचालन संबंधी तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है। बसों के संचालन शुरू होने से शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर नगर पालिक निगम भिलाई आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
भिलाई में इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से शहरवासियों को आधुनिक, सुविधाजनक और पर्यावरण हितैषी परिवहन सुविधा मिलने की दिशा में एक नई शुरुआत होगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!