✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। रक्षाबंधन के पर्व पर दुर्ग जिला मुख्यालय में इस बार अनूठा और भावनात्मक नजारा देखने को मिला। भवानी शंकर जनकल्याण समिति भिलाई से जुड़ी 50 से अधिक महिलाओं ने जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को राखी बांधी और उनसे जिले की महिलाओं सहित आम नागरिकों की सुरक्षा का वचन लिया।
समिति की अध्यक्ष मंजू जांगड़े एवं सुमन चन्द्रवंशी के नेतृत्व में पहुंची महिलाओं ने अधिकारियों को तिलक लगाया, आरती उतारी और उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की।
महिलाओं ने लिया सुरक्षा का वचन
रक्षाबंधन के इस विशेष अवसर पर महिलाओं ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से जिले में मजबूत कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भरोसा लिया। महिलाओं ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि सुरक्षा, विश्वास और जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।
इस पहल के माध्यम से महिलाओं ने प्रशासन और पुलिस के प्रति विश्वास जताते हुए जिले में आपसी सौहार्द, शांति और बेहतर कानून व्यवस्था का संदेश दिया।
अधिकारियों ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा
महिलाओं के इस स्नेह और विश्वास को अधिकारियों ने भी आत्मीयता से स्वीकार किया। कलेक्टर और पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें हरसंभव सुरक्षा एवं सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय परिसर में पारिवारिक एवं आत्मीय माहौल देखने को मिला। महिलाओं और अधिकारियों के बीच भाई-बहन के रिश्ते की भावना के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया।
महिलाओं की इस अनूठी पहल ने रक्षाबंधन को स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प से जोड़ते हुए एक सकारात्मक सामाजिक संदेश दिया।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!