Thursday, November 26 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

🚨 भालू के हमले में घायल किसान को स्ट्रेचर पर उफनती नदी पार कराई

State Head - KISHOR_HP
State Head - KISHOR_HP
55 Views 5 Min Read 0 Comments
   🚨 भालू के हमले में घायल किसान को स्ट्रेचर पर उफनती नदी पार कराई

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार

गांव तक नहीं पहुंच सकी 108 एंबुलेंस, चार ग्रामीणों ने कंधे पर उठाकर पार कराई बाघादही नदी; जिला अस्पताल में इलाज जारी

 

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से स्वास्थ्य सुविधाओं और ग्रामीण इलाकों में सड़क-पुल की बदहाली की तस्वीर सामने आई है। यहां भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल एक ग्रामीण को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को उफनती नदी कंधे पर स्ट्रेचर रखकर पार करानी पड़ी।

 

मामला गरियाबंद जिले के कामेपुर गांव का है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी घनश्याम नागेश (36) पर अचानक दो भालुओं ने हमला कर दिया। भालुओं से किसी तरह संघर्ष कर घनश्याम ने अपनी जान बचाई, लेकिन हमले में उनके कंधे, पेट, जांघ समेत शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं।

 

बाइक से नदी तक पहुंचाया, फिर स्ट्रेचर पर नदी पार कराई

 

घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण घायल घनश्याम को बाइक से गांव की नदी तक लेकर पहुंचे। कामेपुर-घटोद क्षेत्र की बाघादही नदी में पानी का बहाव तेज था। गांव तक सड़क और पुल की सुविधा नहीं होने के कारण 108 एंबुलेंस भी मौके तक नहीं पहुंच सकी।

 

ऐसे में चार ग्रामीणों ने घायल को स्ट्रेचर पर लिटाया और उसे कंधे पर उठाकर उफनती नदी पार कराई। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को गरियाबंद जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

 

ग्रामीणों ने बताई परेशानी

 

ग्रामीणों का कहना है कि गांव तक पुल नहीं होने के कारण आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भारी परेशानी होती है। उनका कहना है कि यदि गांव तक सड़क और पुल की सुविधा होती तो घायल को समय पर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया जा सकता था।

 

जिला अस्पताल में इलाज जारी

 

भालू के हमले में घायल घनश्याम नागेश का गरियाबंद जिला अस्पताल में उपचार जारी है। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, वन विभाग की ओर से घायल को नियमानुसार राहत राशि भी प्रदान की गई है।

 

यह घटना एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को लेकर सवाल खड़े करती है।

State Head - KISHOR_HP
Written by

State Head - KISHOR_HP

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos