✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के साजा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक ईश्वर साहू एक बार फिर अपने खास अंदाज को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार उनका डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक मंच पर जमकर ठुमके लगाते नजर आ रहे हैं, जबकि मंच पर मौजूद कैबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल समेत भाजपा के अन्य नेता उनका डांस देखते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, बेमेतरा जिले के नगर पंचायत मारो में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए। वहीं कैबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल और साजा विधायक ईश्वर साहू भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का आयोजन आत्मानंद स्कूल मारो में किया गया था, जहां बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। बताया जा रहा है कि विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम के समापन के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव रवाना हो गए। इसके बाद उसी मंच पर विधायक ईश्वर साहू अपने अलग अंदाज में डांस करते नजर आए।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय साहू सहित कई नेता मंच पर मौजूद थे। विधायक के डांस का अंदाज देखकर मंच पर बैठे नेता भी उनका आनंद लेते दिखाई दिए।
अपने खास अंदाज को लेकर पहले भी रहे हैं चर्चा में
गौरतलब है कि विधायक ईश्वर साहू सार्वजनिक कार्यक्रमों में अपनी शायरी और बेबाक अंदाज को लेकर पहले भी चर्चा में रह चुके हैं। इससे पहले 21 जून को विश्व योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंच पर लगे पोस्टर में अपनी तस्वीर नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की थी। उस दौरान उन्होंने अधिकारियों पर तंज कसते हुए कहा था कि उन्हें फोटो लगाने का कॉल भी नहीं मालूम है।
फिलहाल नगर पंचायत मारो के कार्यक्रम में विधायक ईश्वर साहू के डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
देखिए वीडियो –
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!